लंदन टू मुंबई फ्लाइट में यात्री का हंगामा, बाथरूम में पी सिगरेट... फिर खोलने लगा फ्लाइट का दरवाजा

लंदन-मुंबई की एयर इंडिया फ्लाइट में एक शख्स ने हंगामा मचा दिया। पहले तो शख्स ने बाथरूम में सिगरेट पी और फिर वहां से निकलने के बाद यात्रियों से बदतमीजी करने लगा। इतना ही नहीं आरोपी शख्स ने फ्लाइट का दरवाजा खोलने की भी कोशिश की।

Updated: Mar 12, 2023, 03:31 PM IST

मुंबई। इन दिनों फ्लाइट में पैसेंजर का व्यवहार सुर्खियों में है। एक बार फिर फ्लाइट में एक शख्स ने वबाल मचाया है। मुंबई में सहार पुलिस ने एक 37 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ लंदन-मुंबई एयर इंडिया की फ्लाइट के बाथरूम में धूम्रपान करने और सह-यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करने का मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान रमाकांत के रूप में हुई है जो अमेरिकी नागरिक है। 

घटना 11 मार्च की है। पुलिस के मुताबिक, लंदन से मुंबई आ रही फ्लाइट में एक अमेरिकी यात्री टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था। क्रू मेंबर्स ने जब उसे रोका तो वह उन पर चिल्लाने लगा। फ्लाइट का दरवाजा खोलने की भी कोशिश की। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बिठा दिया।

मुंबई में फ्लाइट लैंड होने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने 37 साल के रमाकांत पर केस दर्ज कर लिया। एक ऑफिसर ने कहा- यात्री भारतवंशी है, लेकिन उसके पास अमेरिकन सिटिजनशिप है। नियमों के मुताबिक, विमान में स्मोकिंग करने वाले को अरेस्ट किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: गिरफ्तार नहीं करेंगे तो क्या चूमेंगे, केसीआर की बेटी को लेकर तेलंगाना BJP अध्यक्ष का शर्मनाक बयान

क्रू मेंबर्स ने बताया कि फ्लाइट में स्मोकिंग की इजाजत नहीं है। बावजूद इसके एक यात्री टॉयलेट गया और वहां सिगरेट पीने लगा। फायर अलार्म की आवाज सुनते ही हम फौरन टॉयलेट के पास पहुंचे। हमने रमाकांत के हाथ में सिगरेट देखी। इसके बाद वो हम पर चिल्लाने लगा। हमने उसने वापस सीट पर जाकर बैठने के लिए कहा। वो नहीं माने उन्होंने फ्लाइट में मौजूद यात्रियों से भी बहस की।

क्रू मेंबर्स के मुताबिक़ रमाकांत ने फ्लाइट का दरवाजा भी खोलने की कोशिश की। हमने उनके हाथ-पैर बांधे और उन्हें सीट पर बैठाया। इसके बाद वो अपना सिर पीटने लगा। फ्लाइट में मौजूद एक यात्री पेशे से डॉक्टर था, हमने उनकी मदद ली। उन्होंने रमाकांत को चेक किया। इसके बाद रमाकांत ने कहा कि उसके पास कुछ दवाइयां हैं। उनका बैग चेक करने पर हमें दवाएं तो नहीं बल्कि ई-सिगरेट मिली।