पेट्रोल-डीज़ल के दाम अब तक के सबसे ऊँचे स्तर पर, भोपाल में 93 रुपये 59 पैसे हुआ पेट्रोल
नए साल में आठवीं बार बढ़ाए गए तेल के दाम, पेट्रोल में 25 पैसे और डीज़ल 26 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी, राजस्थान में 100 रुपये के करीब पहुंचा रेट

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीज़ल के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। आज हुई बढ़ोतरी के साथ ही इनकी कीमतें अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं। पेट्रोल-डीजल के दामों में आज लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी हुई है, जबकि नए साल में ऐसा आठवीं बार हुआ है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेट्रोल का दाम 93 रुपये 59 पैसे और डीज़ल का 83 रुपये 85 पैसे प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर है।
शनिवार यानी 23 जनवरी को डीजल की कीमत में 18 से 26 पैसे की बढ़ोतरी हुई है तो वहीं पेट्रोल के दाम भी 22 से 25 पैसे तक बढ़े हैं। देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई में भी पेट्रोल की कीमतें अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। दिल्ली में पेट्रोल पेट्रोल 85.70 रुपये और डीजल 75.88 रु. प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि मुंबई में डीज़ल 82.66 रुपये लीटर और पेट्रोल 92.28 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 4 किसान नेताओं की हत्या की घिनौनी साजिश का पर्दाफाश, किसानों ने संदिग्ध को पकड़ा
पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस ने बीजेपी को भारतीय लूट पार्टी करार देते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है जो मोदी राज में पेट्रोल के दाम 90 के पार हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस ने ट्वीट किया, 'पेट्रोल अबकी बार 90 पार, देश में मचा है हाहाकार, कम्बल ओढ़ घी पी रही सरकार।'
पेट्रोल अबकी बार 90 पार,
— Maharashtra Youth Congress (@IYCMaha) January 23, 2021
देश में मचा है हाहाकार,
कम्बल ओढ़ घी पी रही सरकार! pic.twitter.com/D45xM1QoiZ
ओरिजनल कीमतों से 3 गुना महंगा बिकता है पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल और डीजल के जो ओरिजनल रेट होते हैं उससे वह तीन गुना महंगा बेचा जाता है। दरअसल, पहले कच्चा तेल रिफाइनरी में जाता है, जहां से पेट्रोल और डीजल निकाला जाता है। इसके बाद यह तेल कंपनियों के पास जाता है। तेल कंपनियां अपना मुनाफा तय कर इसे पेट्रोल पंप्स तक पहुंचाती है। पेट्रोल पंप पर आने के बाद उसमें डीलर कमीशन जोड़ा जाता है। यह कमीशन भी तेल कंपनियां ही तय करती हैं। उसके बाद केंद्र और राज्य सरकारें इसपर टैक्स जोड़ती हैं। सारे कमीशन और टैक्स जोड़ने के बाद जो भाव आता है, वो आमलोगों को चुकाना पड़ता है। वहीं विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतें क्या हैं, इस आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है।
किस शहर में कितना है दाम, एसएमएस से जानें
पेट्रोल-डीजल का अपने शहर की रेट आप बगैर पेट्रोल पंप जाए भी जाना सकते हैं। इसके लिए आपको सिर्फ एक एसएमएस करना होगा। इंडिया ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, आपको RSP और अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। अपने शहर का कोड आपको आईओसीएल की वेबसाइट पर मिल जाएगा। बता दें कि प्रतिदिन सुबह छह बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। सुबह छह बजे से ही नई दरें लागू हो जाती हैं।