घमंड जब आसमान चढ़ जाता है तब ऐसे ही आवाजों को कुचला जाता है, प्रियंका गांधी ने महिला खिलाडियों का किया समर्थन

मजबूत बाजुओं मगर भोले दिल की इन लड़कियों ने यकीन किया जब इनसे सरकार ने कहा कि जाँच होगी। मगर जाँच नहीं हुई। सजा का प्रश्न ही नहीं उठा। क्या सरकार दोषियों को बचाना चाहती है: प्रियंका गांधी

Updated: Apr 26, 2023, 10:33 AM IST

नई दिल्ली। भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जंतर-मंतर पर पहलवानों का धरना आज चौथे दिन भी जारी है। पहलवानों ने स्पष्ट कर दिया है कि बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी से पहले वे धरने से नहीं उठेंगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पहलवानों का समर्थन करते हुए कहा है कि सरकार दोषियों को बचाना चाहती है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, "खिलाड़ी देश का मान होते हैं। देश उन पर गर्व क्यों करता है? क्योंकि तमाम मुश्किलों के बावजूद अथक मेहनत और बहुत कुछ सहकर जब वे पदक जीतते हैं, तो उनकी जीत में हमारी जीत होती है, देश मुस्कुरा उठता है। महिला खिलाड़ियों की जीत बाकियों से बड़ी होती है। वे देश की संसद के बगल की सड़क पर आँखों में आँसू लिए बैठी हैं। लंबे समय से चल रहे शोषण के खिलाफ उनकी शिकायत कोई सुन नहीं रहा।"

कांग्रेस महासचिव ने आगे लिखा, "मजबूत बाजुओं मगर भोले दिल की इन लड़कियों ने यकीन किया जब इनसे सरकार ने कहा कि जाँच होगी। मगर जाँच नहीं हुई। सजा का प्रश्न ही नहीं उठा। क्या सरकार दोषियों को बचाना चाहती है। किसका दबाव है दिल्ली पुलिस पर? क्यों इसी पुलिस द्वारा विपक्ष के नेताओं पर भारत जोड़ो यात्रा में किसी लड़की का दर्द सुनने पर पूछताछ की जाती है, मगर देश का मान बढ़ाने वाली खिलाड़ियों की गुहार अनसुनी कर दी जाती है।"

प्रियंका गांधी आगे लिखती हैं कि, "एक पार्टी और उसके नेताओं का घमंड जब आसमान चढ़ जाता है तब ऐसे ही आवाजों को कुचला जाता है। आइये अपनी इन बहनों का साथ दें। यह देश के मान की बात है।" बता दें कि भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ सात महिला खिलाडियों ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। लेकिन कार्रवाई तो दूर एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। 

अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता विनेश फोगाट ने कहा कि बृजभूषण ने सभी लड़कियों का शोषण किया है। अध्यक्ष से कितनी लड़कियां प्रताड़ित होंगी इसपर विनेश ने कहा, "इसकी कोई गिनती ही नहीं है। मैं आपको 100 बताऊं, 200 बताऊं, 500 बताऊं, 700 बताऊं, 1000 बताऊं, जितनी भी बताऊं मुझे तो कम लगती है। क्योंकि 12 साल से हमने इसका अत्याचार देखा है कि कितना हुआ है। कोई एक लड़की ही कुश्ती में इसने ऐसी छोड़ी होगी, जिसके साथ इसने सेक्शुअल हैरेसमेंट करने की कोशिश न की हो।"