Rahul Gandhi: जिस दिन ये माया टूटी फिर देखना क्या होता है, राहुल ने मोदी पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने कहा है कि अगर मोदी जी इंटेलिजेंट होते तो कानूनों को रद्द कर देते, इस देश की आज़ादी अदाणी और अंबानी के कारण नहीं, किसानों के कारण कायम है

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रधानमंत्री मोदी और उनकी कार्यशैली पर जमकर हमला बोला है। राहुल गांधी आज जंतर मंतर पर जाकर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों से मिले। इसी दौरान उन्होंने कृषि कानूनों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा निशाना साधा और कहा कि उनकी यह माया मीडिया क्रिएटेड यानी मीडिया द्वारा गढ़ी गई है।
राहुल गांधी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, 'माया शब्द सुना है आपने? माया है माया, पूरा का पूरा, यह मीडिया की बनाई माया है और यह माया अब टूटने वाली है। जिस दिन यह माया टूटी उस दिन फिर देखना क्या होता है।'
#WATCH | "Maya shabd suna hai aapne? Maya hai maya, poora ka poora, media -created maya hai aur yeh maya tutne wali hai. Jis din yeh maya tutti us din phir dekhna kya hota hai," Rahul Gandhi on being about resignation of one of the 4 experts nominated by SC for talks with farmers pic.twitter.com/gldg5Yvis0
— ANI (@ANI) January 15, 2021
मोदी जी अगर इंटेलिजेंट होते तो कानून रद्द कर देते : राहुल
राहुल गांधी यहीं नहीं रुके उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर मोदी जी इंटेलिजेंट होते तो इन तीनों कानूनों को रद्द कर देते।राहुल गांधी ने कहा, 'कानून रद्द होंगे, नरेंद्र मोदी जी को समझ जाना चाहिए कि किसान पीछे हटने वाला नहीं है। ये हिन्दुस्तान है पीछे नहीं हटता है, उनको (प्रधानमंत्री मोदी) आज नहीं तो कल पीछे हटना पड़ेगा। अगर इंटेलिजेंट होते तो कर देते।
देश की आज़ादी किसानों ने बरकरार रखी है अंबानी और अदाणी ने नहीं : राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि ये तीन कानून किसान को खत्म करने के कानून हैं। इस देश की आज़ादी अंबानी और अदाणी की वजह से नहीं किसानों की वजह से है। आज़ादी को बरकरार हिन्दुस्तान के किसान ने रखा है। राहुल गांधी ने कहा जिस दिन देश की खाद्य सुरक्षा चली जाएगी, उसी दिन देश की आज़ादी चली जाएगी।
हिंदुस्तान को नहीं समझ रहे हैं मोदी : राहुल
राहुल गांधी ने कहा ' नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान को नहीं समझ रहे हैं। वे सोचते हैं किसानों में शक्ति नहीं है और ये 10-15 दिन में चले जाएंगे, क्योंकि नरेंद्र मोदी किसान की इज्जत नहीं करते। राहुल ने चुनौती भरे अंदाज़ में कहा, 'किसान नहीं डरेगा, नहीं हटेगा और भागना आपको पड़ेगा।'