रावण के पास संसाधन थे, सोने की लंका थी, राम के पास सत्य और साहस था, रामलीला मैदान में प्रियंका गांधी

कंस घबरा रहा है भाइयों! घबराहट में सबको जेल में बंद कर रहा है! पर सब जानते हैं कि कंस ने कितना भी प्रयास किया आखिर में उसके साथ क्या हुआ: तेजस्वी यादव

Updated: Mar 31, 2024, 04:46 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ महारैली हुई। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद विपक्षी गठबंधन की ये पहली बड़ी रैली है। इसमें सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, शरद पवार, प्रियंका गांधी, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, सीताराम येचुरी, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला के अलावा अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन शामिल हुईं।

इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, 'मुझे लगता है कि ये दिखावे में लिप्त हो चुके हैं। मैं याद दिलाना चाहती हूं कि हजारों साल पुरानी वो बातें क्या थीं? भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े, तब उनके पास संसाधन नहीं थे। उनके पास रथ भी नहीं था। रावण के पास रथ, संसाधन, सेना थी। धन था, सोने की लंका में रहता था। राम के पास केवल सत्य, आस्था, विश्वास, धैर्य उम्मीद और साहस था।'

महारैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने INDIA गठबंधन की पांच मांगे बताई, "पहली मांग- भारत के चुनाव आयोग को लोकसभा चुनाव में समान अवसर सुनिश्चित करने चाहिए। दूसरी मांग- चुनाव आयोग को चुनाव में हेरा-फेरी करने के उद्देश्य से विपक्षी राजनीतिक दलों के खिलाफ IT, ED और CBI द्वारा की जाने वाली कार्रवाई को बलपूर्वक रोकना चाहिए। तीसरी मांग- हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल की तत्काल रिहाई की जाए। चौथी मांग- चुनाव के दौरान विपक्षी दलों का आर्थिक रूप से गला घोटने की जबरन कार्रवाई तुरंत बंद होनी चाहिए। पांचवी मांग- चुनावी बांड का उपयोग करके भाजपा द्वारा बदले की भावना, जबरन वसूली और धनशोधन के आरोपों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक SIT गठित हो जानी चाहिए।"

INDIA गठबंधन की 'महारैली' को संबोधित करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि आपके केजरीवाल शेर हैं, ये ज़्यादा दिन तक आपको जेल में नहीं रख पाएंगे। सुनीता केजरीवाल ने अरविंद का जेल से भेजा गया मैसेज भी पढ़ा। उन्होंने केजरीवाल की 6 गारंटियां पढ़ीं। पहला- पूरे देश में 24 घंटे बिजली। दूसरा- गरीबों की बिजली फ्री। तीसरी- हर गांव- मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल। चौथा- हर गांव और मोहल्ले में क्लीनिक, जिले में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल। पांचवीं- किसानों को MSP और छठी- दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा।

जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि आज यहां उमड़ा जल सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए तानाशाही ताकतों ने अपने कदम बढ़ाए हैं, उसका अंत जनता इस चुनाव में कर देगी। वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि जिस जमीन की वजह बताकर हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया, उसका किसी भी किताब में जिक्र नहीं है। हेमंत सोरेन ने झारखंड के दलित, पिछड़ा वर्ग को ऊपर उठाने का काम शुरू किया तो भाजपा के पेट में दर्द हो गया। हमारे पूर्वजों ने भी इसी तरह झारखंड में लड़ाई लड़ी। आज यहां से पूरे भारत में संदेश जाएगा कि हम सब एक हैं। भारतीय जनता पार्टी की तानाशाही की विचारधारा हम कहीं भी पनपने नहीं देंगे।

महारैली को संबोधित करते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों ने पहली रैली पटना में की, दूसरी मुंबई में की और तीसरी दिल्ली में हो रही है। देश के कोने-कोने में जहां भी हम जा रहे हैं, वहां जनता का साथ मिल रहा है। जिस हिसाब से देश को बांटने का काम किया जा रहा है। नफरत की राजनीति की जा रही है। हम चाहते हैं कि इस लड़ाई में हमें आपका साथ मिले। जो लोग नारा लगाते हैं कि अबकी बार 400 पार, उनका मुंह है, कुछ भी बोलेंगे लेकिन एक बात तय है कि जनता ही मालिक है। उन्होंने विपक्षी नेताओं को जेल में भेजे जाने को लेकर कहा कि कंस घबरा रहा है भाइयों! घबराहट में सबको जेल में बंद कर रहा है! पर सब जानते हैं कि कंस ने कितना भी प्रयास किया आखिर में उसके साथ क्या हुआ।