कोरोना टीकाकरण का दूसरा चरण देश भर में शुरू, यहां जानें रजिस्ट्रेशन और वैक्सिनेशन से जुड़ी जानकारियां

दूसरे फेज के इस वैक्सिनेशन ड्राइव में 60 साल से अधिक के बुजुर्गों और 45 साल से अधिक उम्र के गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को टीका दिया जाएगा, ऐसे लोगों की संख्या करीब 27 करोड़ है

Updated: Mar 01, 2021, 05:08 AM IST

Photo Courtesy: TheQuint
Photo Courtesy: TheQuint

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना संक्रमण के ख़िलाफ़ दूसरे फेज का टीकाकरण शुरू हो गया है। आज सुबह 9 बजे से शुरू इस अभियान के तहत देशभर में 27 करोड़ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण के लिए Co-Win पोर्टल और आरोग्य सेतु ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू है। फ्रंटलाइन वॉरियर्स के बाद अब दूसरे फेज में बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाया जाएगा।

किन्हें लगाई जाएगी वैक्सीन

दूसरे फेज में फेज में 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने आज सुबह टीका लगवाकर की है। इसके साथ ही 45 से 60 वर्ष की उम्र के ऐसे लोगों को भी वैक्सीन दिया जाएगा, जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। वैसे लोग जिनकी उम्र 1 जनवरी, 2022 को 60 साल होने वाली होगी, वह भी टीका लगवा सकेंगे। केंद्र सरकार का आकलन है कि करीब 27 करोड़ लोग इस कैटेगरी में आते हैं। पहली डोज लेने वाला 29वें दिन दूसरी डोज के लिए बुकिंग कराना होगा।

क्या है रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया

कोरोना वैक्सिनेशन में भाग लेने के लिए आरोग्य सेतु ऐप पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू है। इसके लिए जल्द ही उसमें नया फीचर जुड़ने वाला है। कोविन (Co-WIN) ऐप के वेब पोर्टल (cowin.gov.in) के साथ ही IVRS और कॉल सेंटर भी रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। साथ ही देशभर के 6 लाख गांवों में स्थित करीब 2.5 लाख कॉमन सर्विस सेंटर (सेवा केंद्र) पर भी रजिस्ट्रेशन होगा। बिना रजिस्ट्रेशन किए भी वैक्सीन सेंटर पर जाकर आप टीका लगवा सकते हैं। पर यह तभी संभव है, जब वहां कोई वैकेंसी रहती है। टीका लेने के लिए खुद का स्मार्टफोन होना जरूरी नहीं है, आप किसी और के भी स्मार्टफोन का इस्तेमाल कर सकते हैं। एक मोबाइल फोन से चार अपॉइंटमेंट लिए जा सकते हैं।

कितने पैसे देने होंगे

देशभर के सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर टीकाकरण मुफ्त होगा। लेकिन प्राइवेट केंद्रों पर इसके लिए पैसे लिए जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक 10 हजार से ज्यादा सरकारी अस्पतालों में फ्री वैक्सिनेशन की व्यवस्था की गई है। प्राइवेट अस्पतालों में टीके की एक डोज के लिए 250 रुपए चार्ज किए जाएंगे। इसमें 150 रुपए वैक्सीन के लिए और 100 रुपए सर्विस चार्ज है। यानी टीके की दोनों डोज़ के लिए प्राइवेट अस्पतालों में एक व्यक्ति को कुल 500 रुपए देने होंगे।

जरूरी डॉक्युमेंट्स भी साथ रखने होंगे

वैसे लोग जिनकी उम्र 60 साल या उससे अधिक है, उन्हें रजिस्ट्रेशन और वैक्सिनेशन के वक्त अपना ID कार्ड साथ रखना होगा। 45 से 60 साल के गंभीर बीमारी से ग्रस्त लोगों को मेडिकल सर्टिफिकेट भी दिखाना होगा। सरकार ने इसके लिए डिक्लरेशन फॉर्मेट के साथ 20 बीमारियों की सूची भी जारी की है, जिन्हें इस श्रेणी में रखा गया है। इन बीमारियों से पीड़ित लोगों को ही टीका लगाया जाएगा। इस फॉर्म को डॉक्टर से सर्टिफाई करवाना अनिवार्य होगा।

नहीं कर सकेंगे वैक्सीन का चुनाव

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक लोगों को अपने मन पसंद टीके को चुनने का विकल्प नहीं दिया जाएगा। यानी आप यह तय नहीं कर सकते हैं कि आपको भारत बॉयोटेक की कोवैक्सीन लेनी है या फिर ऑक्सफोर्ड एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित कोविशील्ड। टीकाकरण केंद्र पर दोनों में से जो भी वैक्सीन उपलब्ध होगी, वही लगा दी जाएगी। लोगों को सिर्फ यह चुनने का विकल्प दिया गया है कि उन्हें टीकाकरण किस दिन और किस सेंटर पर करवाना है। इसका विकल्प उन्हें कोविन प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन के समय ही मिलेगा।