यूपी के युवक ने शादी के लिए माँगी पुलिस से मदद, छोटे क़द की वजह से नहीं मिल रही दुल्हनिया
यूपी के शामली में दुल्हन की तलाश में थाने पहुंचा 2 फीट का युवक, छोटे क़द की वजह से नहीं हो पा रही है शादी, मुख्यमंत्री, कलेक्टर से भी कर चुके हैं शादी के लिए मदद की अपील

शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना पुलिस के पास एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी शादी के लिए मैरिज ब्यूरो से नहीं, बल्कि पुलिस से मदद मांगी है। अजीम मंसूरी नाम के इस युवक की शादी छोटे कद की वजह से नहीं हो पा रही है। इस बात से अजीम इतने परेशान हैं कि मदद मांगने के लिए थाने तक जा पहुंचे।
26 साल के अजीम एक कॉस्मेटिक शॉप चलाते हैं, जिससे अच्छी खासी आमदनी कर लेते हैं। लेकिन उनकी लंबाई महज दो फीट है। इतने छोटे कद की वजह से लड़की वाले उन्हें देखकर लौट जाते हैं। बरसों से अपनी दुल्हन की बाट जोह रहे अजीम शादी नहीं हो पाने से अब परेशान रहने लगे हैं। अब अजीम अपने परिवार के लोगों पर भी उनकी शादी के लिए कोशिश नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं। अजीम ने थाने जाकर पुलिस अधिकारियों से यह कहते हुए गुहार लगाई कि आप पब्लिक सर्वेंट हैं, मेरी मदद कीजिए, मेरे लिए दुल्हन खोजकर लाइए।
अपनी शादी के लिए एक अदद दुल्हनियां की तलाश में जुटे अजीम मंसूरी 26 साल के हैं। बहुत खोजने के बाद भी कहीं रिश्ता नहीं तय होने से परेशान अजीम ने अब पुलिस की शरण ली है। अजीम की मानें तो कोई लड़की वाला आता है तो उनकी छोटी हाइट देखकर लौट जाता है।
शामली के कैराना इलाके में कॉस्मेटिक शॉप चलाने वाले अज़ीम छह भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। उनके पिता सामाजिक कार्यकर्ता हैं। इलाके में मान, सम्मान है। बावजूद इसके कम हाइट की वजह से उनको उनकी शरीके हयात नहीं मिल पा रही हैं। स्कूल में लोग उनका मजाक उड़ाते थे, जिससे परेशान होकर उन्होंने पांचवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी और दुकान सम्हालने लगे।
जब उनकी शादी लायक उम्र हुई तो घर वालों ने रिश्ता तलाशना शुरू किया। लेकिन पांच साल से लगातार तलाश करने के बाद भी उन्हें अब तक दुल्हन नहीं मिल पा रही है। उनका कहना है कि अब तो उन्हें शादी की चिंता की वजह से नींद आनी बंद हो गई है। अजीम पुलिस से गुहार लगाने से पहले अपनी शादी के लिए इलाके के एसडीएम को पत्र लिख चुके हैं। यूपी के मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तक, सबसे मदद मांग चुके हैं। लेकिन अबतक उनकी तलाश पूरी नहीं हुई है। चारों तरफ से थक-हारकर अब वे स्थानीय पुलिस के दरवाजे पर पहुंचे हैं, जिसने उन्हें मदद का भरोसा भी दिलाया है।