मुझे कहा गया सोच-समझकर बात करें, हम आपके फोन को रिकॉर्ड कर रहे हैं: कैम्ब्रिज में राहुल गांधी
कैम्ब्रिज में अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मेरे फोन की जासूसी होती है। विपक्ष के खिलाफ केस दर्ज किए जाते हैं। भारत में विपक्षी नेता के तौर पर यह एक ऐसा दबाव है, जो लगातार झेलना पड़ता है।

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में अपने लेक्चर के दौरान केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया गया कि भारतीय लोकतंत्र की बुनियादी संरचना पर हमला किया जा रहा है। साथ ही कहा कि इजरायली स्पाईवेयर पेगासस का इस्तेमाल उनके फोन में जासूसी करने के लिए किया जा रहा था।
ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कैंब्रिज बिजनेस स्कूल में एमबीए छात्रों को राहुल गांधी के 'लर्निंग टू लिसन इन द 21 सेंचुरी' विषय पर संबोधन का यूट्यूब लिंक ट्विटर पर साझा किया है। इसमें राहुल गांधी कह रहे हैं, "मेरे खुद के फोन में पेगासस था। बड़ी संख्या में राजनेताओं के फोन में पेगासस था। मुझे खुफिया अधिकारियों ने फोन किया था, जिन्होंने मुझसे कहा कि इस बात से सावधान रहें कि आप फोन पर क्या कह रहे हैं, क्योंकि आपका फोन रिकॉर्ड किया जा रहा है।"
Here is the full Video of Rahul Gandhi’s Lecture at @CambridgeMBA @CambridgeJBS
— Sam Pitroda (@sampitroda) March 3, 2023
“The art of listening” when done consistently and diligently is “very powerful,” - @RahulGandhi https://t.co/4ETVo0X45f#BharatJodoYatra#RahulGandhiinCambridge pic.twitter.com/tDI4ONieG0
राहुल गांधी आगे कहते हैं, "विपक्ष में रहने पर ये वो निरंतर दबाव है जो हम महसूस करते हैं। मेरे ऊपर कई आपराधिक मामले हैं, जो किसी भी परिस्थिति में आपराधिक दायित्व वाले मामले नहीं होने चाहिए। इसी का हम बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं। हर कोई जानता है और इसे लेकर कई खबरें भी हैं कि भारतीय लोकतंत्र दबाव में है। इस पर कई हमले हो रहे हैं। मैं भारत में एक विपक्षी नेता हूं, हम उस (विपक्षी) स्थान को नेविगेट कर रहे हैं। संस्थागत ढांचा जो लोकतंत्र के लिए आवश्यक है- संसद, स्वतंत्र प्रेस, न्यायपालिका सब पर असर पड़ रहा है।"
यह भी पढ़ें: कश्मीर में आतंकवादी से हुआ था राहुल का आमना सामना, कैंब्रिज में सुनाया भारत जोड़ो यात्रा का किस्सा
राहुल गांधी ने आगे कहा, "लोकतंत्र के लिए जरूरी ढांचा संसद, स्वतंत्र प्रेस, न्यायपालिका होते हैं। आज यह सब विवश होते जा रहे हैं। इसलिए हम भारतीय लोकतंत्र के मूल ढांचे पर हमले का सामना कर रहे हैं। भारतीय संविधान में भारत को राज्यों का संघ बताया है। उस संघ को बातचीत की जरूरत है। यह वह बातचीत है जो खतरे में है। आप देख सकते हैं तस्वीर जो संसद भवन के सामने की है। विपक्ष के नेता कुछ मुद्दों पर बात कर रहे थे, और उन्हें जेल में डाल दिया गया। ऐसा 3 या 4 बार हुआ है। जो हिंसक था।"