UP Congress: निष्कासित नेताओं ने कहा परिवार मोह से ऊपर उठें सोनिया गांधी 

Sonia Gandhi: अनुशासनहीनता के कारण पिछले साल कांग्रेस से निष्कासित किए गए थे नौ नेता, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखा पत्र

Updated: Sep 07, 2020, 11:00 PM IST

नई दिल्ली/लखनऊ। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मुश्किलें थमती नज़र नहीं आ रही हैं। 23 नेताओं के कांग्रेस नेतृत्व में फेरबदल की मांग करने के बाद अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस से निष्कासित नेताओं ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में परिवार के मोह से ऊपर उठने के लिए कहा है। नेताओं का कहना है कि सोनिया गांधी को परिवार के मोह से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक मूल्यों की बहाली कर पार्टी चलानी चाहिए। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पार्टी से निष्कासित कुल 9 नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा है कि नेहरू से लेकर राजीव तक सबने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की थी। नेताओं का कहना है कि अब पार्टी के अंदर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा नहीं हो पा रही है। जिस वजह से पार्टी के कार्यकर्ताओं के अन्दर असंतोष और असमंज की स्थिति पैदा हो गई है। 

ऐसा लगता है कांग्रेस में तालाबंद है 

कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखनेवालों में, पिछले साल अनुशासनहीनता के कारण कांग्रेस से निष्कासित किए गए नेताओं ने लिखा है। जिसमें पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी, पूर्व सांसद रामकृष्ण द्विवेदी और संतोष सिंह समेत कुल नौ नेता शामिल हैं। नेताओं का कहना है कि अगर जल्द ही कांग्रेस के अंदर ज़रूरी फेरबदल नहीं हुए तो कांग्रेस इतिहास की वस्तु बन जाएगी। नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखा कर कहा कि इस समय उनकी पार्टी में कोई सुन नहीं रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे पार्टी में ताला बंद है।