Sudeeksha Bhati: मनचलों ने ली अमेरिका में पढ़ रही छात्रा की जान
Crime in UP: बुलंदशहर में मनचले की वजह से हुआ सड़क हादसा, 4 करोड़ की स्कॉलरशिप पाकर अमेरिका में पढ़ रही थी सुदीक्षा भाटी

बुलंदशहर। उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर में छेड़खानी से बचने के दौरान एक युवती की मौत हो गई। सोमवार को सुदीक्षा भाटी अपने भाई और चाचा के साथ स्कूटी पर जा रही थी। तभी बुलेट सवार दो मनचलों ने सुदीक्षा से चलती गाड़ी में छेड़छाड़ की। सुदीक्षा के घर वालों का आरोप है कि बुलेट सवार युवक बार-बार स्कूटी को ओवरटेक कर रहा था।
अचानक बुलेट को ब्रेक लगाया तो पलटी बाइक
सुदीक्षा भाटी के चाचा सतेंद्र भाटी ने मीडिया को बताया है कि कुछ मनचले बाइक पर उनकी बाइक का पीछा कर रहे थे और बार-बार उनकी गाड़ी के आगे और पीछे आ रहे थे। इसके अलावा भद्दे शब्दों का भी इस्तेमाल कर रहे थे और सुदीक्षा पर फब्तियां कस रहे थे। उनकी बाइक का बार-बार पीछा करने के दौरान उनकी बाइक के आगे गाड़ी आ गई थी और वे इससे टकरा गए। उनकी बाइक से सुदीक्षा सड़क पर गिरी। सिर में चोट आने पर उसकी मृत्यु हो गई है। उसके चाचा और भाई घायल हैं।
बेटी की मौत से परिवार में पसरा मातम
गरीब परिवार की होनहार बेटी सुदीक्षा भाटी की मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया है। सुदीक्षा का परिवार गरीब है लेकिन उनकी बेटी इतनी होनहार थी कि उसने 2018 में 12वीं की क्लास में जिले में टॉप किया था। जिसके बाद अमेरिका में पढ़ाई के लिए उसे चार करोड़ की स्कॉलरशिप मिली थी। अमेरिका में छुट्टियों की वजह से वह जून में भारत आई थी और 20 अगस्त को उसे वापस अमेरिका लौटना था। सुदीक्षा के पिता जितेंद्र भाटी चाय की दुकान चलाते हैं। उन्होंने कहा कि आज फिर एक तारा टूट गया। मुझे पुलिस से कोई इंसाफ नहीं चाहिए। इंसाफ मेरी बेटी को चाहिए। उसका कोई दोष नहीं था।
बुलंदशहर की घटना यूपी में कानून के डर के खात्मे और महिलाओं के लिए फैले असुरक्षा के माहौल को दिखाती है।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) August 11, 2020
ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन छेड़खानी की घटनाओं को गंभीरता से नहीं लेता।
इसके लिए व्यापक फेरबदल की जरूरत है। महिलाओं पर होने वाले हर तरह के अपराध पर जीरो टॉलरेंस होना चाहिए।
प्रशासन छेड़खानी को गंभीरता से नहीं लेता: प्रियंका गांधी
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा है कि बुलंदशहर की घटना यूपी में कानून के डर के खात्मे और महिलाओं के लिए फैले असुरक्षा के माहौल को दिखाती है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन छेड़खानी की घटनाओं को गंभीरता से नहीं लेता। इसके लिए व्यापक फेरबदल की जरूरत है। महिलाओं पर होने वाले हर तरह के अपराध पर जीरो टॉलरेंस होना चाहिए।
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने भी ट्वीट करके योगी सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने ट्वीट किया है कि एक गरीब परिवार से निकलकर अमेरिका में पढ़ाई करने वाली बहन सुदीक्षा भाटी हमारे बीच नहीं रही। सड़क छाप शोहदों के छेड़खानी से बचने के प्रयास में उनकी एक्सीडेंट से मौत हो गई। अत्यंत ही दुखद! दोषियों पर कड़ी कार्यवाही हो एवं सुदीक्षा के परिवार को उचित आर्थिक मदद दी जाए।
सुदीश्रा की मौत ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। राजनीति गलियारों में यूपी में बढ़ते अपराध और मनचलों को शह की जमकर आलोचना हो रही है।