Chetan Chauhan : मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान कोरोना पॉजिटिव

UP Lockdown: योगी सरकार के तीसरे मंत्री को कोरोना, बढ़ते संक्रमण को देखते हुए यूपी में लॉक डाउन

Publish: Jul 12, 2020, 01:06 PM IST

उत्तर प्रदेश सरकार में होमगार्ड मंत्री और भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान को कोरोना हो गया है। उन्‍हें लखनऊ स्थित संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चेतन चौहान के संपर्क में आए सभी व्यक्तियों को आइसोलेशन में रखा गया है। उनके परिवार के सभी सदस्यों की कोरोना जांच की गई है।

अमरोहा के नौगांवा विधानसभा से विधायक राज्य के होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान समेत सरकार में कुल तीन मंत्रियों को अब तक कोरोना हो चुका है। चेतन चौहान के अलावा राज्य के आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।

यूपी में इन मंत्रियों के अलावा समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव, विधानमंडल दल के नेता राम गोविंद चौधरी के बाद अब एमएलसी सुनील सिंह साजन कोरोना वायरस के संक्रमण में हैं।

लगातार बढ़ते मामलों के कारण यूपी में लगा लॉक डाउन

उत्तर प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही राज्य में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इसके चलते राज्य में शुक्रवार रात 10 बजे से सम्पूर्ण लॉकडाउन भी लगाया जा चुका है। जो कि रविवार सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। शनिवार तक उत्तर प्रदेश में कुल 33,700 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। तो वहीं राज्य में कोरोना से अब तक कुल 889 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि राज्य में शनिवार तक 21,787 लोग कोरोना पर विजय भी प्राप्त कर चुके हैं।