मणिपुर में मानवता पर कलंक लगाता वीडियो, राहुल गांधी ने पीएम मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल

केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री जी आखिर मणिपुर की हिंसक घटनाओं पर आंख मूंद कर क्यों बैठे हैं? क्या इस तरह की तस्वीरें और हिंसक घटनाएं उन्हें विचलित नहीं करतीं: प्रियंका गांधी

Updated: Jul 20, 2023, 08:48 AM IST

इंफाल। करीब 80 दिनों से हिंसा की आग में झुलस रहे मणिपुर से सिहरा देने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में जो कुछ नजर आ रहा है वह न सिर्फ इंसानियत को शर्मसार करता है, बल्कि पूरी मानवता के लिए कलंक है। वीडियो में एक भीड़ जिसमें सारे पुरुष ही नजर आ रहे हैं, दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड करा रहे हैं। इस वीडियो ने हृदय को विचलित कर दिया है। वहीं, पीएम मोदी इस मामले पर अब भी चुप हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों महिलाएं कुकी समुदाय की हैं, और दावा किया जा रहा है कि भीड़ में शामिल लोग मैतेई समुदाय से हैं। बताया जा रहा है कि घटना 4 मई 2023 को कांगपोकपी जिले के उसके गांव बी फैनोम की है। यानी जिस दिन 3 मई को मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच संघर्ष शुरु हुआ उसके अगले दिन की घटना है।

पीड़िता ने न्यूज वेबसाइट स्क्रोल को बताया कि संघर्ष शुरु होने के बाद उन्हें जब पता चला कि मैतेई समुदाय के लोग उसके गांव के आसपास के इलाकों में घरों में आग लगा रहे हैं तो उसका परिवार एक कीचड़ भरे रास्ते जान बचाने के लिए भागा। उसने बताया कि इसी बीच भीड़ ने उन्हें देख लिया और पकड़कर मगिलाओं की पिटाई शुरु की और उनके कपड़े उतरवाए। महिला के मुताबिक इस बीच उसके पड़ोसी और उनके दो बेटों को कुछ दूर ले जाकर उनकी हत्या कर दी गई।

महिला ने बताया कि निर्वस्त्र होने से इनकार करने पर उन्हें धमकी दी गई थी कि अगर कपड़ने नहीं उतारे तो हत्या कर दी जाएगी। करीब 40 वर्षीय इस महिला ने बताया कि जान बचाने के लिए उन्होंने कपड़े उतारे। इस दौरान भीड़ में शामिल पुरुष उन्हें लगातार लात-घूंसो से मारते रहे और धक्के देते रहे। इस महिला ने बताया कि उनके साथ ही पड़ोस की एक 21 साल की युवती भी थी, उसके साथ क्या हो रहा था उसे नहीं मालूम क्योंकि वह वहां से कुछ दूर थी। महिला ने बताया कि निर्वस्त्र कर उसे नजदीक के धान के खेत में ले जाया गया, लेकिन उसका बलात्कार नहीं किया गया, हालांकि कुछ लोगों ने ऐसा करने की बात कही थी।

इस घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि भीड़ महिला को निर्वस्त्र कर ले जा रही है और इस दौरान उसके साथ अश्लील हरकतें की जा रही हैं। वीडियो के सामने आने के बाद बेहद तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने मणिपुर के मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि “जब भारत के विचार पर हमला हो रहा है तो INDIA चुप नहीं बैठ सकता। हम मणिपुर के लोगों के साथ हैं। सिर्फ शांति ही आगे का रास्ता हो सकता है।

वहीं प्रियंका गांधी ने कहा कि, “मणिपुर से आ रही महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। महिलाओं के साथ घटी इस भयावह हिंसा की घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। समाज में हिंसा का सबसे ज्यादा दंश महिलाओं और बच्चों को झेलना पड़ता है। हम सभी को मणिपुर में शांति के प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए हिंसा की एकस्वर में निंदा करनी पड़ेगी। केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री जी आखिर मणिपुर की हिंसक घटनाओं पर आंख मूंद कर क्यों बैठे हैं? क्या इस तरह की तस्वीरें और हिंसक घटनाएं उन्हें विचलित नहीं करतीं?"