लोकतंत्र को बचाने के लिए जो भी कुर्बानी देनी है, हम देंगे: संकल्प सत्याग्रह में कांग्रेस अध्यक्ष ने भरी हुंकार

हम सब एक साथ राहुल गांध के साथ खड़े हैं। यह जो सत्याग्रह है, यह सिर्फ आज के लए है। लेकिन ऐसे सैकड़ों सत्याग्रह पूरे देश में होंगे, हर जगह होंगे: मल्लिकार्जुन खड़गे

Updated: Mar 26, 2023, 03:01 PM IST

नई दिल्ली। राजघाट पर कांग्रेस पार्टी का संकल्प सत्याग्रह जारी है। दिल्ली पुलिस राजघाट पर सत्याग्रह की अनुमति निरस्त करने के बाद भी वहां हजारों की संख्या में कांग्रेस जन पहुंचे हुए हैं। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वहां मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए जो भी कुर्बानी देनी है, हम देंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "हम सब राहुल गांधी के साथ खड़े हैं। यह जो सत्याग्रह है, यह सिर्फ आज के लए है। लेकिन ऐसे सैकड़ों सत्याग्रह पूरे देश में होंगे, हर जगह होंगे। बीजेपी सरकार और खासकर मोदी जी हमें कमजोर समझ रहे हैं। अगर कोई व्यक्ति अहंकार से हमें कुचलने की कोशिश करेगा तो हम मुहंतोड़ जवाब देंगे। मुझे याद है जब मैं छात्र था तो गांव में पढ़ता था। उसी समय पाकिस्तान का युद्ध हो रहा था। तब लाल बहादुर शास्त्री जी ने एक बात कही थी। हमें कमजोर मत समझो, हमारे पास वो शक्ति है, ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।"

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "हमको अगर कोई कमजोर समझता है, सत्य बोलने से रोकता है, प्रमाणिकता से बोलने से हमें रोकता है तो सुन ले... देश और अजादी को बचाने के लिए, लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए, बोलने की आजादी के लिए जो कुछ भी कुर्बानी देनी है हम देंगे। हम लड़ते रहेंगे और लोकतंत्र रक्षा करेंगे। यही काम राहुल गांधी जी कर रहे हैं। राहुल गांधी किसके लिए लड़ रहे हैं, इस देश की जनता के लिए लड़ रहे हैं। आपके लिए लड़ रहे हैं, महिलाओं के लिए लड़ रहे हैं। युवाओं के लिए लड़ रह हैं, जिनके पास नौकरनी नहीं है, उन्हें नौकरी दिलाने के लिए लड़ रहे हैं।"

यह भी पढ़ें: PM ने संसद में मेरे शहीद पिता का अपमान किया, उन्हें जेल क्यों नहीं हुई: प्रियंका गांधी ने राजघाट से भरी हुंकार

खड़गे ने आगे कहा, "आज देश में सामान की कीमतें काफी ऊपर चली गई हैं। उसे नीचे लाने के लिए राहुल गांधी लड़ रहे हैं। लोगों को जीवन को अच्छा करने के लिए लड़ रहे हैं। उनके ऊपर आप केस कर दो। कर्नाटक में जो बात हो गई वह चुनाव में थी। और वह किसी को ठेस पहुंचाने की बात नहीं थी। लेकिन ये कर्नाटक का केस गुजरात में ले आए। आपकी मंशा क्या है? अगर कोई घटना घटती है तो उसी राज्य में केस करना चाहिए था। अगर आप में हिस्मत होती तो कर्नाटक में केस करके आपको दिखाना था। लेकिन आप इस केस को सूरत में लेकर आ गए। बार-बार राहुल गांधी को बुलाया गया। इनको राहुल गांधी का मुंह बंद करना है। वह चाहते हैं कि अगर राहुल गांधी का मुंह बंद कर दिया तो कांग्रेस खत्म हो जाएगी।"

खड़गे ने कहा, "राहुल गांधी जो बोलते हैं, उसे करके दिखाते हैं। उन्होंने देश में सभी को जोड़ने की बात की। इसी मकसद से भारत जोड़ो यात्रा निकाली। कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक करीब 4 हजार किलोमीटर तक उस व्यक्ति ने यात्रा की। पदयात्रा से लाखों-करोड़ों लोग जुड़े। बारिश में भी लोग आए। हर मौसम में लोग इस यात्रा से जुड़े। यह एक व्यक्ति ने किया और करोड़ों लोगों को जोड़ा। उन्हें संसद से हटाया गया क्योंकि अगर राहुल गांधी संसद में रहेंगे तो अडानी का मुद्दा उठाएंगे।"

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "मोदी चाहते हैं कि इस देश में उनके खिलाफ कोई बात न करे। राहुल गांधी ने एक बात कही कि मैं किसी से डरूंगा नहीं। सत्य के साथ चलूंगा। गांधी जी के मार्ग पर चलूंगा और अहिंसा के तरीके से लड़ूंगा। नरेंद्र मोदी जी ने एक वर्ग के लोगों की तुलना कुत्ते के बच्चे से की थी। ऐसे लोग आज ओबीसी की बात कर रहे हैं। नीरव मोदी ओबीसी है, ललित मोदी ओबीसी है? ये तो देश का पैसा लूटकर भाग गए। अगर ये भगोड़े हैं और इन्हें हम भगोड़ों बोलते हैं तो आपको क्यों दर्द होता है?"