Oil Price Hike : दिग्विजय सिंह ने साइकिल चला कर जताया विरोध

प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर पेट्रोल-डीजल की दाम वृद्धि के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की साइकिल यात्रा

Publish: Jun 25, 2020, 01:01 AM IST

Coronavirus संकट के वक्त में जब जनता राहत की आस लगाए हैं तब सरकारें लगातार पेट्रोल-डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी करती जा रही हैं  डीजल के दाम में पिछले 18 दिनों से लगातार बढ़ोतरी जारी है। दिल्‍ली में तो डीजल के दाम पेट्रोल से अधिक हो गए हैं। आम आदमी पर महंगाई का बोझ डालने का विरोध करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने साइकिल चलाई। दिग्विजय सिंह के नेतृत्‍व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइकिल यात्रा कर मुख्‍यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के निवास तक जाकर ज्ञापन दिया गया। भोपाल की तरह पूरे प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर कांग्रेस नेताओं ने साइकिल चलाकर विरोध जताया है।

रोशनपुरा से मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास तक साइकिल चलाकर पहुंचे कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि डीजल के भाव बढ़ने से आम ज़रूरत की हर चीज़ महंगी होती जा रही है। किसान पर भार बढ़ता जा रहा है। खेती महंगी हो रही है। कोरोना वाकई में पीएम मोदी जी के लिये “आपदा को अवसर” में बदलने का स्वर्णिम मौका बन गया हे। उन्हें क्या चिंता है, जब तक EVM है, उन्हें कौन हटा सकता है? 

शिवराज अब साइकिल चला कर विरोध जताएं

पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा कि 2008 में मुख्‍यमंत्री रहते हुए शिवराज सिंह चौहान पेट्रोलियम पदार्थों की दाम वृद्धि के खिलाफ साइकिल से मंत्रालय तक गए थे। तब कच्‍चे तेल का भाव 140 डॉलर प्रति बैरल था  तब पेट्रोल का भाव लगभग 50 तथा डीजल का भाव 40 रुपए था। तब भाजपा ने पूरे देश में प्रदर्शन किया था। अब कच्‍चा तेल 40 डॉलर प्रति लीटर है तब डीजल का दाम पेट्रोल से महंगा हो गया है। एमपी में पेट्रोल की कीमत 80 रुपए से ज्‍यादा हो गई है। कांगेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि यदि शिवराज जनता का हित देखते हैं तो अब भी साइकिल पर बैठकर मंत्रालय चलें और पेट्रोल डीजल का दाम बढ़ाने का विरोध करें।

महिला कांग्रेस भी हुई शामिल 

पेट्रोल डीजल के दामों में वृद्धि का विरोध करते हुए महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्‍सा लिया। भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर पहुंची महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्‍य सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।

प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर भोपाल में पूर्व मंत्री और दक्षिण पश्चिम भोपाल विधायक पीसी शर्मा ने भी समर्थकों के साथ साइकिल चला कर विरोध जताया। वहीं इंदौर में पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल मूल्यवृद्धि के विरोधस्वरूप "साइकिल रैली" निकालकर प्रदर्शन किया।

लगातार 17 दिनों से हो रही पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी पर 24 जून को विराम लगा लेकिन डीज़ल के दाम 18वे दिन भी बढे। डीज़ल की क़ीमत इस वृद्धि के बाद अपने सबसे ऊपरी स्‍तर पर पहुंच गई है। यह मूल्‍य वृद्धि जनता की जेब पर बहुत भारी है। जनता की तकलीफ बताने के लिए कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। तय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस के कार्यकर्ता ब्‍लॉक स्‍तर तक प्रदर्शन कर रहे हैं। भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में सायकल यात्रा निकाली गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह रोशनपुरा से सायकल चलाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास 74 बंगले की ओर गए। 

सबसे महंगा पेट्रोल मध्य प्रदेश में

देश भर में पेट्रोल डीज़ल के दामों में बेतहाशा वृद्धि की जा रही है। बावजूद इसके कि जब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल के दामों में लगातार गिरावट आ रही है। देशभर में सबसे ज़्यादा महंगा पेट्रोल मध्य प्रदेश में बिक रहा है। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में मंगलवार को पेट्रोल 89.45 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था। तो वहीं भोपाल में पेट्रोल 87.39 रुपए प्रति लीटर के भाव से बिक रहा था।

भोपाल में कब कितने बढ़े दाम 

भोपाल में मंगलवार से राजधानी में पेट्रोल 87.39 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

दिनांक        पेट्रोल       डीज़ल

8 जून        78.76       69.27

9 जून        79.30       69.85

10 जून      79.70       70.45

11 जून      80.30       71.05

12 जून      80.90       71.65

13 जून      81.50       72.25

14 जून      82.10       72.85

15 जून      83.75       74.29         

16 जून      84.24       74.83

17 जून      84.81       75.41

18 जून      85.36       76.02

19 जून      85.93       76.62

20 जून      86.46       77.20

21 जून      86.84       77.78

22 जून      87.16       78.33

23 जून      87.39       78.85