तीरंदाजी में भारत का ओलंपिक मेडल का सपना टूटा, दीपिका कुमारी को कोरियाई खिलाड़ी ने हराया

जून में आर्चरी वर्ल्डकप में एक ही दिन में तीन गोल्ड मेडल जीतने वाली दीपिका कुमारी का ओलंपिक का सफर हुआ खत्म, तीरंदाजी महिला व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में मिली हार, दक्षिण कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त एन सैन ने 0-6 से हराया

Updated: Jul 30, 2021, 06:52 AM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी शुक्रवार को टोक्यो ओलंपिक में तीरंदाजी महिला व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में हार गई हैं। उन्हें दक्षिण कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त एन सैन ने हराया है। इस क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त एन सैन से दीपिका 0-6 से हार गईं ।

इससे पहले तीरंदाजी प्रतियोगिता में दीपिका का प्रदर्शन अच्छा रहा था। उन्होंने शूट-ऑफ में रूसी ओलंपिक समिति (आरओसी) की केसिया पेरोवा को 6-5 से हराया था जिसके बाद उन्हें अंतिम आठ में जगह मिली थी।  उनके तीसरे खेलों में व्यक्तिगत स्पर्धा में यह उनका पहला ओलंपिक क्वार्टर फाइनल था। 2012 के लंदन ओलंपिक में, वह पहले दौर में हार गई थी। वहीं 2016 के रियो ओलंपिक में, वह प्री-क्वार्टर फाइनल से ही बाहर हो गई थीं।

दीपिका इस टोक्यो ओलंपिक से पहले भी दो बार ओलंपिक में भाग ले चुकी हैं, इस बार दीपिका ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय तीरंदाज बनीं थीं, लेकिन मेडल जीतने से चूक गईं।

कोरियाई तीरंदाज टोक्यो में अब तक 2 गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुकी हैं। कोरियाई तीरंदाज ने दीपिका कुमारी को लगातार 3 सेटों में हराया है। दरअसल आर्चरी के मुकाबले में 5 सेट होते हैं। क्वार्टर फाइनल मैच के 3 सीधे सेटों में ही दीपिका निशाने से चूक गई और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

वहीं गुरुवार को दीपिका के पति अतनु दास ने दक्षिण कोरिया के ओह जिन-हाइक को शूट-ऑफ में हराया था। शनिवार को दीपिका के पति औऱ 35वें वरीयता प्राप्त अतनु दास का मुकाबला प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान के 46वीं वरीयता प्राप्त ताकाहारू फुरुकावा से होने वाला है। अतनु दास इनदिनों बेहतर फार्म में चल रहे हैं।

 

देश को इस बार दीपिका कुमारी से मैडल की उम्मीद थी। दीपिका को बचपन से ही निशानेबाजी में महारत हासिल थी। जब वे छोटी थी तब पत्थरों से आम पर सटीक निशाना लगाती थी। देश में उन्हें गोल्डन गर्ल के नाम से जाना जाता है। 

और पढ़ें: तीरंदाजी वर्ल्ड कप में एक ही दिन में तीन गोल्ड मेडल जीतकर दीपिका कुमारी ने विश्व रैंकिंग में पाया पहला स्थान

जून में दीपिका ने पेरिस में आयोजित आर्चरी वर्ल्ड कप के तीसरे चरण में महिलाओं की व्यक्तिगत, टीम और मिक्स डबल्स में गोल्ड मेडल जीता था। जिसके बाद उन्हें विश्व रैंकिंग में पहला स्थान मिला था, वे 2012 में भी वे विश्व रैंकिंग में टाप पर रह चुकी है। गुरुवार का दिन भी भारत के लिए कुछ खास नहीं रहा 6 बार की विश्व विजेती एमसी मैरीकॉम भी बाक्सिंग के क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गई हैं।