MI VS RR: मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से हराया, अंक तालिका में एक बार फिर सबसे ऊपर पहुंची मुंबई
IPL 2020: मुंबई ने 194 रन का लक्ष्य दिया था, जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम सिर्फ 136 रन पर सिमट गई

नई दिल्ली। मंगलवार को खेले गए आईपीएल के मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को करारी हार दी है। मुंबई ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 57 रनों के भारी अंतर से मैच जीत लिया है। मुंबई इंडियंस एक बार फिर अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज हो गई है। इस सीज़न खेले गए 6 मुकाबलों में मुंबई इंडियंस ने 4 मुकाबले जीत लिए हैं।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बीस ओवर में 193 बनाए थे। 194 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम कमाल नहीं दिखा पाई। जॉस बटलर के अलावा राजस्थान का कोई दूसरा बल्लेबाज़ नहीं चल पाया। बटलर ने 44 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली। स्मिथ और सैमसन भी कोई कमाल नहीं दिखा पाए। राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम सिर्फ 136 रन ही बना पाई। मुंबई की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज जसप्रीत बुमराह साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट झटक लिए।
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। अबु धाबी के मैदान पर रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। जिसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 47 गेंदों में 79 रनों की ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी की। अंत में हार्दिक पंड्या की 19 गेंदों में 30 रनों की पारी के बदौलत मुंबई की टीम का स्कोर बोर्ड 193 पर पहुंच गया। मुंबई के लिए मैच के हीरो सूर्यकूमार यादव और बमराह साबित हुए।