महिला स्व-सहायता समूहों के लिए CM ने की बड़ी घोषणा, करीब 13 करोड़ का कर्ज किया माफ

मुख्यमंत्री ने तीजा-पोरा के अवसर पर की घोषणा, रायपुर में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित किया जा रहा है कार्यक्रम, कांग्रेस की महिला प्रवक्ता भी हैं मौजूद

Updated: Sep 06, 2021, 10:28 AM IST

रायपुर। तीजा के त्योहार से ठीक दो दिन पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ी घोषणा की है। सीएम बघेल ने प्रदेश में संचालित विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों का ऋण माफ कर दिया है। भूपेश बघेल द्वारा करीब तेरह करोड़ का ऋण माफ किए जाने की घोषणा की गई है। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ऋण माफी की जानकारी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दी है। सीएम ने अपने ट्विटर हैंडल पर ऋण माफी करने की घोषणा करते हुए कहा कि आज तीजा-पोरा तिहार के अवसर पर प्रदेश के महिला स्व सहायता समूहों का 12.77 करोड़ रूपए का ऋण माफ करने की घोषणा करता हूँ।

भूपेश बघेल सरकार इस घोषणा का लाभ प्रदेश की हजारों महिला स्व-सहायता समूहों को पहुंचेगा। सरकार द्वारा दी जाने वाली इस राहत की घोषणा से न सिर्फ महिलाओं को अब आर्थिक बोझ से मुक्ति मिलेगी बल्कि समूहों का काम भी आगे बढ़ सकेगा। राज्य में सरगुजा से लेकर बस्तर तक हजारों महिलाएं स्व-सहायता समूहों को संचालित कर रही हैं। 

गाने की धुन पर थिरके भूपेश बघेल 

दूसरी तरफ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास पर तीजा-पोरा तिहार के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास को पारंपरिक रूप से सजाया गया है। कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए टीएस सिंहदेव समेत भूपेश सरकार में कई मंत्री और विधायक पहुंचे हुए हैं। सीएम भूपेश बघेल एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे छत्तीसगढ़ी गाने की धुन पर थिरकते हुए नज़र आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए दिल्ली से भी कांग्रेस की महिला प्रवक्ता आई हुईं हैं।रागिनी नायक और अलका लांबा कार्यक्रम में मौजूद हैं। इनके अलावा कई महिलाएं सीएम हाउस में मौजूद हैं। सभी एक साथ मिलकर तीजा-पोरा का त्योहार मना रहे हैं।