डॉक्टर ने किया कोरोना अस्पताल में ड्यूटी से इनकार, बदले में मिली FIR
Coronavirus india : छत्तीसगढ़ में यह पहला मामला है जिसमें किसी डॉक्टर पर एफआईआर दर्ज की गई है।

कोरोना महामारी के दौरान काम में लापरवाही अब डॉक्टरों पर भी भारी पड़ने लगी है। छत्तीसगढ़ के जांजगीर में कोविड-19 अस्पताल में एक डॉक्टर ने ड्यूटी करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद डॉक्टर के खिलाफ शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की गई है। छत्तीसगढ़ में यह पहला मामला है जिसमें किसी डॉक्टर पर एफआईआर दर्ज की गई है। जांजगीर कलेक्टर के आदेश के बाद डॉक्टर संतोष पटेल के खिलाफ मालखरौदा थाने में केस दर्ज किया गया है।
आपको बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर संतोष पटेल की ड्यूटी 10 जून से जिला मुख्यालय के कोविड-19 अस्पताल में लगाई गई थी। जिसके बाद डॉक्टर ने भेदभावपूर्ण ड्यूटी लगाने का आरोप लगाते हुए ड्यूटी करने से इंकार कर दिया था। इस मामले की जानकारी कलेक्टर को दी गई। नोटिस देकर डॉक्टर संतोष पटेल से जवाब-तलब किया गया। डॉक्टर संतोष पटेल के 10 और 11 जून को ड्यूटी में नहीं पहुंचने पर बीएमओ की रिपोर्ट पर मालखरौदा पुलिस ने चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतोष पटेल के खिलाफ FIR दर्ज की है।