DKS Hospital: वॉर्ड की फॉल्स सीलिंग गिरी

Raipur: सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी दाऊ कल्याण सिंह अस्पताल के न्यूरो वार्ड में गिरी फॉल्स सीलिंग, बाल-बाल बचे मरीज

Updated: Aug 13, 2020, 08:54 AM IST

photo courtesy : lalluram
photo courtesy : lalluram

रायपुर।छत्तीसगढ़ के एक मात्र सरकारी मल्टीस्पेशियलिटी दाऊ कल्याण सिंह (डीकेएस) अस्पताल में एक बड़ा हादसा हो गया। रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल के न्युरो वार्ड में बुधवार सुबह फॉल सीलिंग भरभरा कर नीचे गिर गई। अस्पताल में भर्ती मरीज बाल-बाल बच गए, फाल्स सीलिंग की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ घायल हो गया। 2 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सीलिंग गिरने के बाद आनन फानन में वार्ड में भर्ती मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया है। हादसे के वक्त न्यूरोसर्जरी वार्ड में 22 मरीज भर्ती थे। गनीमत रही कि जिस बेड पर फॉल्स सीलिंग गिरी, वहां उस वक्त कोई मरीज मौजूद नहीं था।  

डीकेएस अस्पताल में बारिश का पानी छत से सिपेज हो रहा था। जिसकी वजह से न्यूरो वार्ड में लगी फॉल सीलिंग गिर गई। राहत की बात है कि हादसे में कोई मरीज हताहत नहीं हुआ। अस्पताल का नर्सिंग स्टॉफ घायल हुआ है। जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल प्रबंधन हादसे को छुपाने में लगा है। अस्पताल प्रबंधन आनन-फानन में फॉल्स सीलिंग सुधरवाने में जुट गया है।

यह डीकेएस सुपर स्पेश्यलिटी अस्पताल बीजेपी के कार्यकाल में दो सौ करोड़ की लागत से बना था। अस्पताल खुलने के बाद से लगातार कई खामियां उजागर होती आ रही हैं। गुणवत्ताविहीन निर्माण और भ्रष्टाचार के आरोप लगते आ रहे हैं। इन दिनों डीकेएस अस्पताल के रजिस्टार एवं उप अधीक्षक हेमंत शर्मा हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह के दामाद डॉक्टर पुनीत गुप्ता इस अस्पताल के अधीक्षक रह चुके हैं। डॉक्टर पुनीत गुप्ता डीकेएस अस्पताल में उपकरण खरीद घोटाला मामले में फंसे हैं। उपकरण खरीदी में 50 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी है।