Raipur : जोन अध्यक्ष चुनाव, 10 में से 8 सीटों पर जीती Congress

राजधानी के 10 जोन में से 8 सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है वहीं बीजेपी मात्र 2 सीटों पर सिमटकर रह गयी।

Publish: Jun 12, 2020, 05:13 AM IST

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार को नगर निगम के जोन अध्यक्ष के लिए चुनाव संपन्न हुए। राजधानी के 10 जोन में से 8 सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है वहीं बीजेपी मात्र 2 सीटों पर सिमटकर रह गयी।

रायपुर नगर निगम में कांग्रेस का कब्जा बरकरार है। 10 जोन के चुनाव में 8 सीटों पर जीत के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जश्न का माहौल है। रायपुर के 70 वार्डों को पूर्व में 8 जोन में बांटा गया था लेकिन कांग्रेस सरकार द्वारा 2 नए जोन के गठन के बाद यह संख्या 10 हो गयी है। रायपुर नगर परिषद में कांग्रेस ने 70 में से 34 सीटों पर कब्जा जमाया था जबकि सात निर्दलीय पार्षद चुनाव जीते थे। भाजपा के प्रत्याशियों ने 29 सीटों पर जीत हासिल कि थी लेकिन चुनाव के ठीक पहले चार निर्दलीय पार्षद कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

चुनाव जीतने वाले कांग्रेसी उम्मीदवारों में जोन 2 से बंटी होरा, जोन 4 से प्रमोद दुबे, जोन 5 से मनु यादव, जोन 6 से निशा देवेंद्र यादव, जोन 7 से मनिराम साहू, जोन 8 से घनश्याम क्षत्रिय, जोन 9 से प्रमोद मिश्रा और जोन 10 से आकाश दीप शर्मा शामिल हैं। वहीं बीजेपी से जितने वालों में जोन 1 से विनोद अग्रवाल और जोन 3 से प्रमोद साहु शामिल हैं। इस दौरान कांग्रेस से प्रमोद दुबे और बीजेपी से विनोद अग्रवाल ने निर्विरोध जीत दर्ज की है।