सामान विचारधारा की पार्टियां आगे आएं, रायपुर अधिवेशन में प्रियंका गांधी ने किया विपक्षी एकता का आह्वान

हमें यह पहचानने की जरूरत है की कांग्रेस संगठन के समाने क्या चुनौतियां हैं और हम उसका सामना कैसे करेंगे, हम अवश्य इस लड़ाई में कामयाब होंगे: प्रियंका गांधी

Updated: Feb 26, 2023, 07:02 AM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चल रहे कांग्रेस के 85वें अधिवेशन का आज तीसरा और आखिरी दिन है। अधिवेशन को आज कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने भी संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने विपक्षी एकता का आह्वान किया।

प्रियंका गांधी ने महाधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा, "हमें आज यह पहचानने की जरूरत है कि कांग्रेस संगठन के सामने क्या चुनौतियां हैं और हम उसका सामना कैसे करेंगे? मुझे जम्मू कश्मीर की महिलाओं ने कहा कि उनमें तीन सालों से घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं थी। लेकिन भारत जोड़ो यात्रा के लिए वह बाहर आईं। लोगों को ये हिम्मत दिलाना कांग्रेस का काम है। जिन्हें लगता है कि देश में कुछ गलत हो रहा है, उन्हें प्लेटफार्म देना हमारा काम है। जो ये नहीं समझ रहे हैं उन्हें समझाना भी हमारा काम है।"

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, "आज देश के नौजवानों के पास रोजगार नहीं है। वे भर्ती के लिए परीक्षा देते हैं लेकिन भर्तियां घोटालों में उलझे हुए हैं। नौजवानों के लिए हमारे पास क्या प्रस्ताव है? हम उनके लिए क्या चाहते हैं? ये सब बातें पब्लिक तक पहुंचाना हमारा काम है। देश का किसान कर्ज में डूब रहा है, मुश्किलों से घिरा हुआ है, लेकिन पीएम मोदी अपने दोस्तों को जमीन दिला रहे हैं।"

प्रियंका ने आगे कहा, "देश में आज सिर्फ गिने चुने उद्योगपतियों की आमदनी ही बढ़ रही है। किसानों के कर्क माफ नहीं होते लेकिन उद्योगपतियों को कर्ज माफ हो रहे हैं। लोकसभा चुनाव में हमारे पास एक साल बचा है। हमसे लोगों को काफी उम्मीदें हैं। हमें एकजुट होना होगा। सामान विचारधारा वाली पार्टियां आगे आएं। सबसे ज्यादा उम्मीद कांग्रेस पार्टी से है। हम देश की उम्मीदों पर खरे उतर सकते हैं। हमारी मेहनत, एकजुटता और संविधान के प्रति निष्ठा से हम यह लड़ाई जीत सकते हैं।"

यह भी पढ़ें: आप जल्द जेल से लौटें, सिसोदिया की गिरफ्तारी की अटकलों के बीच केजरीवाल का ट्वीट

कांग्रेस महासचिव ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से कहा कि, "आज जब आप घर जाएंगे तो नए लोगों को जोड़िए।  आज वे चुनाव में ऐसे मुद्दे उठाते हैं जिसका जनता से कोई मतलब नहीं है। रोजगार, युवाओं और महंगाई के मुद्दे पर चुनाव होना चाहिए। हमें नकारात्मकता से ऊपर उठना होगा और सकारात्मक तरीके से लड़ाई लड़नी होगी। हम इस लड़ाई में सफल जरूर होंगे क्योंकि हम मजबूत हैं। आपसब यहां हैं मतलब आप निडर हैं और पार्टी के लिए समर्पित हैं। केंद्रीय एजेंसियों ने रेड डाला। बावजूद हमारे सारे नेता खड़े हैं। हम जानते हैं आपकी हिम्मत को। हमें दो घंटे पूछताछ के लिए बुलाया जाता है तो आप दो महीने जेल में रहते हैं। हमें घसीटा जाता है तो आपको पुलिस के डंडे खाने पड़ते हैं।"