भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 5वें सप्ताह आई गिरावट, इस हफ्ते 2.471 अरब डॉलर की आई कमी 

पिछले 5 हफ्तों में देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 28.5 अरब डॉलर की आई कमी, वर्तमान में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 604.004 अरब डॉलर है, विदेशी मुद्रा भंडार में यह गिरावट मुख्य रूप से फॉरेन करेंसी एसेट में आई कमी की वजह से दर्ज हुई है  

Publish: Apr 17, 2022, 03:56 AM IST

नई दिल्ली। 
देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 5वें हफ्ते गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों से ये जानकारी सामने आई है। आंकड़ों के अनुसार 8 अप्रैल, 2022 को समाप्त हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.471 अरब डॉलर घटकर 604.004 अरब डॉलर रह गया है। पिछले 5 हफ्तों में देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 28.5 अरब डॉलर की कमी आई है। 

1 अप्रैल 2022 को समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में रिकॉर्ड 11.173 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई थी और यह घटकर 606.475 अरब डॉलर रह गया था। इससे पहले 25 मार्च, 2022 को समाप्त हुए सप्ताह में मुद्रा भंडार 2.03 अरब डॉलर घटकर 617.648 अरब डॉलर रह गया था। जबकि 18 मार्च, 2022 को इसमें 2.597 अरब डॉलर और 11 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में इसमें 9.646 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई थी। 

आरबीआई की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 8 अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में यह गिरावट मुख्य रूप से फॉरेन करेंसी एसेट यानी एफसीए में आई कमी की वजह से दर्ज की गई है। दरअसल एफसीए विदेशी मुद्रा भंडार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। आरबीआई के अनुसार 8 अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह में एफसीए 10.7 अरब डॉलर घटा है। गौरतलब है कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3 सितंबर, 2021 को समाप्त हुए सप्ताह में 642.453 अरब डॉलर के ऑल टाइम उच्च स्तर पर था। 

 दरअसल अमेरिका के फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के चलते डॉलर में मजबूती आई है और विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से बहुत तेजी से अपने पैसे निकाल रहे हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण भारत का पेट्रोलियम पदार्थों के आयात का बिल बढ़ गया है, इन सभी कारणों से भारतीय विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले 5 हफ्तों से लगातार गिरावट आ रही है।