आज फिर बढ़े पेट्रोल डीजल के दाम, भोपाल में 115 रुपए के पार बिक रहा है पेट्रोल

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें लगातार आसमान छू रही हैं, अक्टूबर महीने में अब तक पेट्रोल डीजल की कीमतों में पांच रुपए से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है

Updated: Oct 21, 2021, 09:42 AM IST

नई दिल्ली। पेट्रोल डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों से आम आदमी की जेब बुरी तरह से प्रभावित हो चुकी है। गुरुवार को एक बार फिर तेल के दामों में वृद्धि देखने को मिली है। पेट्रोल डीजल की कीमतों में आज एक बार फिर 35-35 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। 

राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल प्रति लीटर 106.54 रुपए में बिक रहा है। वहीं डीजल का दाम 95.27 रुपए प्रति लीटर है। मायानगरी मुंबई में पेट्रोल और डीजल दोनों की ही कीमतें सौ रुपए का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। मुंबई में पेट्रोल 112.44 रुपए जबकि डीजल 103.26 रुपए प्रति लीटर है। 

देश के ज्यादातर हिस्सों में ईंधन सौ रुपए के ऊपर बिक रहा है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस समय पेट्रोल 115.17 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है जबकि डीजल 104.52 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में पेट्रोल के लिए लोगों को 115 रुपए से अधिक चुकाने पड़ रहे हैं।

अक्टूबर महीने में ही ईंधन की कीमतों में अब पांच रुपए से अधिक की वृद्धि हो चुकी है। त्योहारों का सीजन होने के कारण आम आदमी के लिए महंगाई ने और परेशानी बढ़ा दी है। 

दूसरी तरफ आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी कम होने की उम्मीद न के बराबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। इसलिए पेट्रोल डीजल के दामों में गिरावट होने की संभावना कम ही है।  

यह भी पढ़ें : लगातार आसमान छू रहे पेट्रोल डीजल के दाम, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने दिए अभी और दाम बढ़ने के संकेत

वहीं केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने भी हाल ही में पेट्रोल डीजल के दामों में बढ़ोतरी होने के संकेत दिए थे। केंद्रीय मंत्री ने बीते शनिवार को कहा था कि कोरोना काल के बाद से ही पेट्रोल डीजल की खपत बढ़ी है। हालांकि केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि हम पेट्रोल डीजल की कीमतों में स्थिरता के लिए लगातार प्रयासरत हैं।