Mukesh Khanna: महिलाओं पर भीष्म पितामह के विवादित बोल से मचा बवाल

एक्टर मुकेश खन्ना ने कहा, महिलाओं का घर से बाहर निकलना, कामकाजी होना ही है Me Too जैसी समस्याओं की वजह, सोशल मीडिया में लोगों ने कहा, ये शक्तिमान नहीं किलविश हैं

Updated: Oct 31, 2020, 10:10 PM IST

Photo Courtesy: DNA
Photo Courtesy: DNA

टीवी पर भीष्म पितामह और शक्तिमान जैसे लोकप्रिय किरदार निभाने वाले एक्टर मुकेश खन्ना महिलाओं के बारे में बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है। मुकेश खन्ना का कहना है कि जब से महिलाओं ने घर से बाहर पुरुषों की बराबरी करने की कोशिश की है, तभी से मीटू यानी महिलाओं के यौन उत्पीड़न जैसी समस्याएं सामने आने लगी हैं। उन्होंने कहा कि ‘ मी टू जैसे इन मुद्दों को जन्म देने की जिम्मेदार सिर्फ महिलाएं ही हैं।‘ जब से महिलाओं ने पुरुषों की बराबरी करना और उनके कंधे से कंधा मिलाकर चलना शुरु किया है तभी से ऐसी समस्याएं सामने आई हैं।

आपको बता दें कि महाभारत जैसे एपिक सीरियल में भीष्म पितामह का किरदार निभा चुके एक्टर मुकेश खन्ना अक्सर अपने बयानों से सुर्खियों में रहते हैं। इस बार उन्होंने महिलाओं के काम करने को लेकर विवादित बयान दिया है। इस बार मुकेश का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें उन्होंने वर्किंग विमन पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि महिलाओं के घर से बाहर काम करने की वजह से कई परेशानियां बढ़ रही हैं। मुकेश खन्ना का मानना है कि महिलाओं का घर से बाहर निकलना ही समस्या की जड़ है। महिलाएं घर के बाहर काम करती हैं तो बच्चे आया के साथ रहने को मजबूर होते हैं।  

अक्षय कुमार की फिल्म लक्ष्मी बम के नाम को लेकर भी मुकेश खन्ना ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि देवी लक्ष्मी के आगे बम शब्द जोड़ना शरारत से भरा लगता है। मुकेश ने सवाल किया था कि ‘क्या आप अल्लाह बॉम्ब या बदमाश जीसस फिल्म का नाम रख सकते हैं। नहीं न, तो फिर लक्ष्मी बॉम्ब कैसे?’ और अब सोशल मीडिया पर मुकेश खन्ना का पुराना वीडियो ट्रेंड कर रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद एक बार फिर मुकेश की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

मुकेश खन्ना के इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग शक्तिमान याने मुकेश खन्ना से माफी मांगने की बात कह रहे हैं। वहीं कई फैंस ने कहा है कि वे शक्तिमान नहीं, बल्कि किलविश हैं। कुछ लोगों ने उनके शो का बायकॉट करने की मांग तक कर डाली है।