कैंब्रिज के बाद अब ब्रिटिश संसद में होगा राहुल गांधी का भाषण, चैथम हाउस में भी रखेंगे अपनी बात

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के ब्रिटेन दौरे पर वैश्विक जगत की निगाहें टिकी हुई है, खबर है कि राहुल गांधी को ब्रिटिश संसद में भी भाषण देने के लिए बुलाया गया है।

Updated: Mar 05, 2023, 09:00 AM IST

लंदन। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों 10 दिवसीय इंग्लैंड दौरे पर हैं। राहुल के इस दौरे पर दुनियाभर की निगाहें टिकी हुई है। यहां कैंब्रिज में दिए उनके लेक्चर की चारों ओर चर्चा है। इसी बीच खबर आई है कि राहुल गांधी ब्रिटिश संसद को भी संबोधित करेंगे। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रिटेन सरकार की गुजारिश पर राहुल गांधी ने ब्रिटिश संसद में भाषण के लिए हामी भर दी है। वेस्टमिंस्टर के पैलेस के ग्रैंड कमेटी रूम में राहुल गांधी 6 मार्च को यूके के सांसदों, लॉर्ड्स, बैरोनेस और अन्य उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। इंडो-ब्रिटिश एपीपीजी के अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने मीडिया से कहा, "बहस राजनीतिक भविष्य तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यावसायिक संबंधों के विस्तार पर फोकस करती है।"

यह भी पढ़ें: मुझे कहा गया सोच-समझकर बात करें, हम आपके फोन को रिकॉर्ड कर रहे हैं: कैम्ब्रिज में राहुल गांधी

पूरी दुनिया की नजर इस पर है कि राहुल ब्रिटिश संसद में क्या बोलते हैं। संसद के कार्यक्रम के दिन ही राहुल गांधी यूके के प्रमुख थिंक टैंक चैथम हाउस में भी बात करेंगे। वहीं, हफ्ते के अंत में वो निजी व्यावसायिक बैठक भी करेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस सांसद विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास मामलों के लेबर पार्टी के शैडो सेक्रेटरी ऑफ स्टेट डेविड लैमी से भी मिल सकते हैं। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इससे पहलेराहुल गांधी लंदन में प्रवासी भारतीयों से मिलेंगे और इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित कर चुके हैं। शनिवार को ही राहुल ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होकर अपनी बात रखी। इसके बाद राहुल गांधी लंदन में कई उद्दमियों से भी मिले। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के यूके अध्यक्ष कमल धालीवाल के मुताबिक राहुल गांधी के साथ मुलाकात के लिए 2 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो गए हैं।

राहुल गांधी के साथ इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के प्रमुख सैम पित्रोदा भी मौजूद हैं। सैम पित्रोदा एक टेक इनोवेटर-उद्यमी हैं और व्यापक रूप से राहुल गांधी के करीबी राजनीतिक सहयोगी के रूप में जाने जाते हैं।