दक्षिण अफ्रीका के मलावी में चक्रवात Freddy का कहर, अब तक 326 लोगों की मौत

मलावी और मोजाम्बिक में इस चक्रवात ने 326 से ज्यादा लोगों की जान ली है और हजारों की संख्या में लोग बेघर हुए हैं।

Updated: Mar 17, 2023, 09:54 AM IST

चक्रवात फ्रेडी ने दक्षिण-पूर्वी अफ्रीका के मलावी में तबाही मचा दी है। मलावी में चक्रवात फ्रेडी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 326 तक पहुंच गई है। दाक्षिण अफ्रीका की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है। न्यूज एजेंसी AFP ने मलावी के राष्ट्रपति लाजरस चकवेरा के हवाले से कहा कि आपदा से मरने वालों की संख्या 225 से बढ़कर 326 हो गई है। वहीं, विस्थापित लोगों की संख्या दोगुनी से अधिक बढ़कर 1 लाख 83 हजार 159 हो गई है।

चक्रवात फ्रेडी बुधवार को निष्प्रभावी हो गया, लेकिन मौसम निगरानी केन्द्रों ने चेतावनी दी है कि प्रभावित देशों में अभी भी बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। कई हिस्सों से अभी भी संपर्क टूटा हुआ है और लोग लापता हैं। कई जगह मलबों से लोगों को निकाला जा रहा है। मृतकों की संख्या अभी तेजी से बढ़ने की आशंका है। गुरुवार को लापता लोगों को खोजने के लिए मलबे में लोगों को फावड़ा चलाते देखा गया, यहां तक कि लोग नंगे हाथों से भी मलबे को हटा रहे थे। 

मलावी के राष्ट्रपति लजारस चकवेरा ने देश में 14 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। बता दें कि
चक्रवात फ्रेडी ने फरवरी से ही अफ्रीका के दक्षिणी हिस्से में कहर बरपा रहा है। फ्रेडी चक्रवात ने पहली बार फरवरी के अंत में दक्षिणी अफ्रीका के मेडागास्कर और मोज़ाम्बिक में जमकर तबाही मचाई थी, उस दौरान मलावी में मामूली नुकसान हुआ था। मेडागास्कर और मोजाम्बिक में तबाही मचाने के बाद फ्रेडी चक्रवात हिंद महासागर की ओर लौट गया था। लेकिन चक्रवात फिर से लौट कर आया और तबाही मचाई।

मौसम विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी भी मलावी में भारी बाढ़ और तेज हवाओं का खतरा बहुत अधिक बना हुआ है। बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवाती तूफान फ्रेडी से मलावी, मोजाम्बिक और मेडागास्कर में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया था। उन्होंने कहा था कि भारत कठिन समय में प्रभावित देशों के लोगों के साथ खड़ा है।