Coronavirus: यूरोपीय देशों में दोबारा लॉकडाउन का उड़ानों पर असर

यूरोपीय देशों ने गैर जरूरी दुकानों के साथ बार और रेस्टोरेंट्स बंद करने का भी एलान किया है, लोगों को घरों में रहने को कहा गया है

Updated: Nov 05, 2020, 08:17 PM IST

Photo Courtesy: India.com
Photo Courtesy: India.com

पूरी दुनिया में कोरोना वायरस ने कहर बरपाया हुआ है। भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के बीच यूरोप की स्थित एक बार फिर बिगड़ने लगी है। यूरोपीय देशों में कोरोना महामारी के दूसरे दौर में और तेज़ी से बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड और स्पेन सहित कई यूरोपीय देशों ने फिर से लॉकडाउन का फैसला किया है।

यूरोपीय देशों ने गैर जरूरी दुकानों के साथ बार और रेस्टोरेंट्स को भी बंद करने को कहा है। लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी गई है। केवल उन्हीं लोगों को घर से बाहर निकलने की अनुमति होगी जिनके पास जरूरी काम होने के वैध दस्तावेज होंगे। ब्रिटेन, फ्रांस, आयरलैंड, बेल्जियम और जर्मनी सहित कई यूरोपीय देशों में फिर से लॉकडाउन होना हवाई यात्रा को भी प्रभावित कर रहा है। जिससे इन स्थानों की यात्रा की मांग में गिरावट आई है, जो हमेशा पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है।

इन देशों ने अपनी सीमाओं को बंद नहीं किया है। लेकिन इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा जरूरी प्रभावित हुई है। उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति जो जर्मनी से फ्रांस के रास्ते भारत की यात्रा करना चाहता है, उसे जर्मनी से फ्रांस को जोड़ने वाली उड़ानों के टिकट कैंसिल कराने पड़ सकते हैं। इस बीच, ब्रिटिश एयरवेज ने कहा है कि वे स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। लॉकडाउन के चलते यात्रा उद्योग समेत कई व्यापार तबाही की कगार पर हैं, जिससे लाखों की संख्या में लोग बेरोजगार हो गए हैं। इन लोगों के घरों में दो वक्त खाने के लाले पड़ने लगे हैं।