RNA टेक्नोलॉजी की खोज करने वाले वैज्ञानिकों को मिला नोबेल, कोविड के टीकों का आधार बनी इनकी खोज

चिकित्सा के क्षेत्र में कैटालिन कारिको और ड्रयू वीसमैन को 2023 का नोबेल पुरस्कार मिला है। दोनों वैज्ञानिकों को ये पुरस्कार COVID-19 के खिलाफ उनकी खोज के लिए दिया जा रहा है।

Publish: Oct 03, 2023, 10:29 AM IST

Image courtesy -  Dainik Bhaskar
Image courtesy - Dainik Bhaskar

साल 2023 के लिए नोबेल पुरस्कारों का एलान कर दिया गया है। चिकित्सा के क्षेत्र में कैटालिन कारिको और ड्रयू वीसमैन को 2023 का नोबेल पुरस्कार मिला है। दोनों वैज्ञानिकों को ये पुरस्कार COVID-19 के खिलाफ उनकी खोज के लिए दिया जा रहा है। नोबेल समिति ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से सोमवार को इस पुरस्कार की घोषणा की।  

इन्हें न्यूक्लियोसाइड बेस संशोधनों से संबंधित उनकी खोजों के लिए यह सम्मान दिया गया। इस खोज की वजह से कोरोना वायरस (Covid-19) के खिलाफ प्रभावी mRNA टीकों के विकास में मदद मिली है। इसे फाइजर, बायो एन टेक और मॉडर्ना ने बनाया था। कोरोना महामारी से पहले यह तकनीक एक्सपेरिमेंटल फेज में थी, लेकिन अब इसे वैक्सीन के रूप में दुनिया भर के लाखों लोगों को दे दिया गया है। इसी mRNA तकनीक पर अब अन्य बीमारियों और यहां तक कि कैंसर के लिए भी रिसर्च किया जा रहा है। 

नोबेल समिति ने अपना बयान जारी करते हुए कहा कि कैटालिन कारिको और ड्रू वीसमैन को अपनी खोज से मानव स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़े खतरों में से एक Covid-19 के खिलाफ लड़ाई में अहम योगदान दिया। उनके इस योगदान से एमआरएनए वैक्सीन का विकास संभव हो पाया। इसलिए उन्हें इस साल नोबल प्राइज से नवाजा जा रहा है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को भौतिकी, बुधवार को रसायन विज्ञान और गुरुवार को साहित्य के क्षेत्र में दिए जाने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता के नाम की घोषणा होगी। इसके अलावा नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में इस पुरस्कार के विजेता की घोषणा 9 अक्टूबर को की जाएगी।

बता दें कि नोबेल पुरस्कार में 11 मिलियन स्वीडिश क्रोनर यानी लगभग 8 करोड़ रुपये का कैश प्राइज दिया जाएगा। यह राशि 10 दिसंबर को विजेताओं को दी जाएगी। इस साल अलग-अलग क्षेत्रों में नोबेल प्राइज के लिए 351 उम्मीदवार हैं। 1901 में जब नोबेल प्राइज की शुरुआत हुई थी, तब से 2023 तक मेडिसिन की फील्ड में 227 लोगों को इससे सम्मानित किया जा चुका है।