भारत जोड़ो यात्रा की टीम पहुंची मध्य प्रदेश, राहुल गांधी के करीबी सहयोगी केबी बायजू कर रहे रूट का मुआयना

उज्जैन में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं राहुल गांधी, नर्मदा पूजन भी करेंगे, यात्रा के रूट में बाबा साहब की जन्मस्थली महू को शामिल करने की भी तैयारी, आज फाइनल किया जाएगा रूट

Updated: Oct 30, 2022, 09:06 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से रूट में कुछ बदलाव के प्रस्ताव दिए गए हैं। जिसे लेकर भारत जोड़ो यात्रा की व्यवस्था देखने वाली सेंट्रल टीम मध्य प्रदेश पहुंची है। इस टीम में राहुल गांधी के करीबी सहयोगी केबी बायजू भी शामिल हैं, जो रूट का मुआयना करने के बाद अंतिम निर्णय लेंगे।

दरअसल, प्रारंभिक रूट में उज्जैन, ओंकारेश्वर और महू में कार्यक्रम तय नहीं था। लेकिन अब कांग्रेस की कोशिश है कि यहां भी यात्रा पहुंचे। उज्जैन में तो कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। यहां राहुल गांधी महाकाल दर्शन के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वहीं संविधान निर्माता बाबा साहब की जन्मस्थली महू जाने संबंधी निर्णय फाइनल नहीं हो पाया है।

यह भी पढ़ें: CM ने बच्चों से पूछा, कौन-कौन मुख्यमंत्री बनना चाहता है, मंच पर बैठे मंत्री सिलावट और परमार ने उठा दिए हाथ

यात्रा की तैयारियों में जुटे नेताओं ने बताया कि महू मुख्य रूट से करीब 30 किलोमीटर दूर है। ऐसे में केंद्रीय टीम के पास दो विकल्प हैं। हमारी कोशिश ये है कि रूट में मामूली बदलाव किया जाए और यात्रा महू होकर गुजरे। एक विकल्प ये भी है कि दोपहर पड़ाव के दौरान राहुल गांधी अपने वाहन से महू पहुंचकर बाबा साहेब को श्रद्धा सुमन अर्पित करें।

चर्चा तो यह भी है कि राहुल गांधी महान क्रांतिकारी टंट्या भील के जन्मस्थली भी जाएंगे। हालांकि, यह भी मुख्य रूट से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर है। बहरहाल, आज केबी बायजू रूट का मुआयना कर राहुल गांधी को सारी स्थिति से अवगत कराएंग। इसके बाद ही फाइनल निर्णय लिया जाएगा। बता दें कि केबी बायजू राहुल गांधी के निजी व्यवस्था के प्रभारी हैं और उन्हें गांधी का बेहद करीबी माना जाता है।

भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल तेलंगाना में है। यहां से महाराष्ट्र होते हुए यात्रा मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में प्रवेश करेगी। मध्य प्रदेश में यात्रा 20 से 25 नवंबर के आसपास एंटर करेगी। प्रदेश में यात्रा के निरीक्षण के लिए कमेटी बनाई गई है, जिसमें पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, सज्जन सिंह वर्मा, जीतू पटवारी, मुकेश नायक, अरुण यादव, महेंद्र जोशी, बाला बच्चन, रवि जोशी समेत करीब 10 नेता शामिल हैं। जिन जगहों पर यात्रा विश्राम करेगी, कांग्रेस नेता उन स्पॉट्स का निरीक्षण करेंगे। यात्रियों के भोजन की व्यवस्था की जिम्मेदारी विधायक संजय शुक्ला को दी गई है। मध्य प्रदेश में यात्रा में बड़ी संख्या में साधु संत और धर्मगुरु भी शामिल होंगे।