Union Budget 2025: 31 जनवरी से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, 1 फरवरी को बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण

बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करने से होगी। इसके बाद आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा।

Updated: Jan 18, 2025, 12:46 PM IST

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। वहीं, इसके 4 अप्रैल को सत्र के समापन होने की संभावना है। इस दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम बजट पेश करेंगी। यह लगातार आठवीं बार है जब निर्मला सीतारमण बतौर वित्त मंत्री देश का बजट पेश करेंगी।

बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करने से होगी। इसके बाद आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। वहीं, इसके अगले दिन यानी 1 फरवरी को वित्त मंत्री बजट पेश करेंगी।

संसद का बजट सत्र दो चरणों में होगा। पहले चरण में 31 जनवरी से 13 फरवरी तक कुल 9 बैठकें होंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे। साथ ही वित्त मंत्री सीतारमण बजट पर चर्चा का उत्तर देंगी।

इसके बाद संसद अवकाश पर जाएगी, ताकि बजट प्रस्तावों की समीक्षा की जा सके। सत्र का दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी और बजट प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। सत्र 4 अप्रैल को समाप्त होगा। पूरे बजट सत्र में कुल 27 बैठकें होंगी।

इस बार की बजट से आम लोगों को काफी उम्मीदें हैं। खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के लोग महंगाई व उच्च टैक्स दरों से काफी परेशान हैं। अब देखना होगा कि गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बजट में क्या कुछ खास रहने वाला है। गत वर्ष बजट में केंद्र सरकार बिहार और आंध्र प्रदेश पर मेहरबान रही थी। दरअसल, मोदी सरकार 3.0 बिहार के CM नीतीश कुमार की पार्टी JDU और आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू की TDP के भरोसे केंद्र में सत्ता चला रही है। ऐसे में अन्य राज्यों की बजट में कटौती कर केंद्र सरकार ने इन दो राज्यों के लिए विशेष फंड का प्रावधान किया था।