भोपाल: नशेड़ी पति पर दरिंदगी का आरोप, पत्नी की हथेली और पैर का पंजा फरसे से काटा

पत्नी के चरित्र पर शक करता था शराबी, इंदौर में जॉब करती है महिला, हमीदिया अस्पताल में डॉक्टरों ने कटे अंगों को जोड़ने के लिए किया ऑपेरशन

Updated: Mar 10, 2021, 06:26 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी के साथ ऐसी दरिंदगी की है, जिसे सुनकर भी रूह कांप उठती है। इस हैवान ने नशे में चूर होकर फरसे से अपनी पत्नी के बाएं हाथ की हथेली और बाएं पैर का पंजा काट दिया। पति ने ऐसी दरिंदगी सिर्फ इसलिए की क्योंकि उसकी पत्नी फोन पर बात करती थी। शराबी पति सिर्फ इसी वजह से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा और हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।

दिल दहलाने वाली ये वारदात मंगलवार देर रात की है। रात करीब 11:30 बजे निशातपुरा स्थित पारस कॉलोनी में होशंगाबाद निवासी 32 वर्षीय प्रीतम सिंह सिसोदिया अपनी पत्नी संगीता और सात साल के बेटे के साथ रहता है। प्रीतम मेहनत-मजदूरी करता है, जबकि संगीता इंदौर की एक फैक्टरी में सुपरवाइजर है। वह 15-15 दिन में इंदौर से भोपाल आती रहती है। जबकि बेटा पिता के पास ही रहता है।

पति के मुताबिक संगीता घर पर आने के बाद अक्सर फोन पर बातें करती थी। इसी बात को लेकर वो उसके चरित्र पर शक करने लगा। मंगलवार की रात प्रीतम शराब के नशे में धुत था। उसने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाया तो विवाद और बढ़ गया। एकाएक प्रीतम ने फरसा उठाया और पत्नी के बाएं पैर का पंजा और बाएं हाथ की हथेली काट कर शरीर से अलग कर दी।

बुरी तरह घायल संगीता की चीख-पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग उसके घर पहुंचे जहां संगीता की हालत देख सभी अवाक रह गए। पड़ोसियों ने आनन-फानन में पुलिस को बुलाया। वारदात के बाद आरोपी प्रीतम घर से भागा तक नहीं। पुलिस जब पहुंचीं, तब प्रीतम कमरे में फरसा लिए खड़ा था और बोल रहा था कि पुलिस पकड़ने आई तो उन पर भी हमला करूंगा। पुलिस ने इस दौरान किसी तरह उसे पकड़ा। वहीं संगीता, उसकी कटी हथेली और पैर के पंजे को हमीदिया अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि 6 घंटे के भीतर कटे अंगों को जोड़ा जा सकता है। इसीलिए तत्काल महिला का ऑपरेशन किया गया है।