भोपाल में झमाझम बारिश, सागर, हरदा में ओले पड़े, सिवनी में बिजली गिरने से दो की मौत

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को दिन भर दिखा चक्रवात का असर, भोपाल में शाम क़रीब 7 बजे तेज़ हवाओं के साथ हुई ज़ोरदार बारिश, सागर में ओले गिरने से बढ़ी किसानों की मुश्किल

Updated: Mar 13, 2021, 03:34 AM IST

Photo Courtesy: Dainik Bhaskar
Photo Courtesy: Dainik Bhaskar

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार शाम झमाझम बारिश हुई, तेज़ हवाएँ भी चलीं। दरअसल राजधानी में आज दिन भर मौसम का मिज़ाज बदला-बदला नज़र आया। घने बादल छाए रहे, तेज हवाएं भी चलीं। शाम करीब 7 बजे बारिश हुई और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मध्य प्रदेश के कई और जिलों में भी आज मौसम बिगड़ा रहा। सागर और हरदा में तेज बारिश के साथ-साथ ओले भी गिरे। सिवनी में बिजली गिरने की वजह से दो लोगों को दर्दनाक मौत हो गई।

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश के कई और इलाकों की तरह की सागर में भी लोगों को खराब मौसम का सामना करना पड़ा। सुबह से बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। शाम होते-होते बारिश तेज़ हो गई और गरज-चमक के बीच करीब दस मिनट तक चने के आकार के ओले भी गिरे। बेमौसम हुई इस बारिश और ओलावृष्टि की वजह से खेतों में खड़ी और कटाई के बाद खुले में रखी गई फसलों को भारी नुक़सान होने की आशंका है। गेहूं और चने की फसलों को खास तौर पर नुकसान होने  की आशंका है। हरदा के आलनपुर में भी जमकर ओले गिरे हैं। जिसके वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर भी किए हैं। बेमौसम की इस बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों को अपनी महीनों की मेहनत बर्बाद होने का डर सता रहा है।

सिवनी के लखनादौन में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार शाम तक शाजापुर में 5 मिलीमीटर, जबलपुर में 3.4 मिलीमीटर, ग्वालियर में 1.1, इंदौर में 0.2 मिलीमीटर और खरगौन में 1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की है। भोपाल, गुना और छिंदवाड़ा में भी बूंदाबांदी हुई है।

भोपाल, होशंगाबाद, रीवा, सागर के अलावा जबलपुर संभाग के कुछ इलाकों में भी बादल छाए हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक़ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। इसके कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में चक्रवातीय हवाओं का घेरा बना हुआ है। इसी कारण से कई जगह बारिश हो रही है। ऐसे मौसम में गरज के साथ ही बिजली चमकने और ओले गिरने की आशंका बनी रहती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक़ शनिवार शाम तक मौसम काफ़ी कुछ ऐसा ही बने रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान भी एक-दो डिग्री गिर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार 13 और 16 मार्च से पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने की भी संभावना है।