भोपाल के 103 साल के स्वतंत्रता सेनानी हबीब मियां का निधन, पिछले साल निकाह कर सुर्खियों में आए थे

103 साल उम्र पार कर चुके हबीब मियां पिछले साल उस समय सुर्खियों मे थे, जब 49 साल की महिला के साथ निकाह करने का उनका वीडियो वायरल हुआ था।

Updated: Apr 12, 2024, 06:16 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हबीब नजर मियां का 103 साल की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले साल 102 साल की उम्र में 49 साल की दुल्हन से निकाह कर सुर्खियों में आए थे।

हबीब मियां का इंतकाल ईद के दिन हुआ। भोपाल के चुनिंदा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में शामिल हबीब मियां की नमाज-ए-जनाजा टीबी सेंटर सेंट्रल लाइब्रेरी रोड पर अदा कराई गई। जिसके बाद छावनी स्थित नत्था शाह कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। 

हबीब मियां के आखिरी सफर में बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे। स्वतंत्रता सेनानी हबीब मियां ने पिछले साल 102 साल की उम्र में तीसरा निकाह किया था। तब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ था। जिसमें वे अपनी 49 साल की बेगम को ऑटो में लेकर घर पहुंचे थे।

हबीब नजर ने तब मीडिया को बताया था कि उनकी दो पत्नियों का इंतकाल पहले हो गया है। ऐसे में देखभाल ठीक से नहीं हो रही थी। इसी मजबूरी में उन्हें तीसरा निकाह करना पड़ा। हबीब नजर ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी। पुराने भोपाल में तंग गलियों से गुजरने के बाद उनका मकान आता है।

देश की आजादी में योगदान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें प्रशंसा पत्र भी भेंट किया था। हबीब नजर को सभी शासकीय आयोजनों में ससम्मान बुलाया जाता था। हबीब नजर की कोई संतान नहीं है। उनके भाई और बहन के बच्चे, नाती, पोतों से भरा उनका परिवार ही हबीब की देखभाल करते थे।