भाजपा ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्य प्रदेश का सत्यानाश कर दिया, सिंगरौली में बोले कमलनाथ

सिंगरौली हमारी ऊर्जा की राजधानी मानी जाती है जितना रेवेन्यू और राजस्व सिंगरौली मध्य प्रदेश को देता है क्या उस अनुपात में सिंगरौली के विकास के लिए राशि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में नहीं दी गई: कमलनाथ

Updated: May 17, 2023, 08:33 AM IST

सिंगरौली। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। कांग्रेस पार्टी के दोनों शीर्ष नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह प्रदेशभर के दौरे कर रहे हैं। इसी क्रम में पीसीसी चीफ कमलनाथ मंगलवार को सिंगरौली पहुंचे। यहां उन्होंने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्य प्रदेश का सत्यानाश कर दिया।

सिंगरौली जिले के देवसर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा, 'सिंगरौली में पिछले 25 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीत रही है। सिंगरौली हमारी ऊर्जा की राजधानी मानी जाती है। जितना रेवेन्यू और राजस्व सिंगरौली मध्य प्रदेश को देता है क्या उस अनुपात में सिंगरौली के विकास के लिए राशि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में दी गई? यह आज बड़ा प्रश्न है।'

यह भी पढ़ें: शिवराज सरकार के खिलाफ कांग्रेस का आरोप पत्र तैयार, 396 पॉइंट्स में गड़बड़ी और घोटालों का जिक्र

कमलनाथ ने आगे कहा, 'विगत 18 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर मध्य प्रदेश का सत्यानाश कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी अक्सर जनता को गुमराह करने और ध्यान मोड़ने में सफल हो जाती है। उदाहरण के तौर पर 2014 मोदी जी दो करोड़ रोजगार की बातें किया करते थे, किसानों की आमदनी दुगनी करने की बात करते थे। लेकिन साल 2019 में उन्होंने इनमें से कोई भी बात नहीं की। 2019 में राष्ट्रवाद, पाकिस्तान सर्जिकल स्ट्राइक की बातें करने लगे। अब पता नहीं 2024 में कौन सी बात करेंगे।'

कर्नाटक विधानसभा चुनाव से जुड़े सवाल के जवाब में कमलनाथ ने कहा कि, 'कर्नाटक में भी पुलिस, पैसा और प्रशासन का दुरुपयोग किया गया। यहां तक कि पीएम मोदी ने कर्नाटक में इस तरह प्रचार किया जैसे वह स्वयं मुख्यमंत्री बनने जा रहे हों। फिर भी नतीजा आपके सामने है। कांग्रेस की तुलना में भाजपा को आधी सीटें भी प्राप्त नहीं हो पाई।'

कांग्रेस संगठन को लेकर पीसीसी चीफ ने कहा कि, 'पहले हमारा संगठन कमजोर था, परंतु अब विगत कुछ वर्षों में हमने संगठन की मजबूती पर पर बहुत कार्य किया है। जिसके परिणाम मंडलम-सेक्टर और बूथ स्तर पर देखने को मिल रहे हैं। आज का चुनाव अलग है। कोई गांव नहीं बचा जो परंपरागत रूप से बीजेपी का हो या कांग्रेस का हो। आज की राजनीति काफी स्थानीय हो चुकी है, और यह बात हम सबको समझ लेने अब आवश्यक है।'