अचानक मंच से गिरे भाजपा विधायक सूबेदार सिंह रजौधा, ग्वालियर में कराया गया भर्ती

सूबेदार सिंह रजौधा सबलगढ़ में दशहरा मिलन समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे, समारोह के दौरान वे छात्रों को पुरस्कार वितरित कर रहे थे, इसी दौरान उन्हें चक्कर आ गए

Publish: Oct 17, 2021, 11:19 PM IST

Photo Courtesy: Dainik Bhaskar
Photo Courtesy: Dainik Bhaskar

मुरैना/ग्वालियर। जौरा विधानसभा सीट से विधायक और भाजपा नेता सूबेदार सिंह रजौधा को मंच पर चक्कर आ गए। चक्कर आने की वजह से सूबेदार सिंह मंच पर ही बेहोश हो कर गिर गए। भाजपा विधायक को आनन फानन में ग्वालियर ले जाया गया। ग्वालियर के अपोलो अस्पताल में उन्हें भर्ती किया गया है। अभी भाजपा विधायक की तबीयत स्थिर बताई जा रही है। 

रविवार शाम को भाजपा विधायक सबलगढ़ में दशहरा मिलन समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। वे समारोह में बतौर मुख्य अथिति शामिल हुए थे। मंच से छात्रों को पुरस्कार बांटते समय उन्हें अचानक चक्कर आए गए।

विधायक के अचानक चक्कर खा कर गिरने के बाद हड़कंप मच गया। लोगों को हार्ट अटैक का संदेह हुआ। मौके पर स्थानीय स्वास्थ्य अमले ने पहुंच कर विधायक के स्वास्थ्य का जायजा लिया। काफी मशक्कत करने के बाद भाजपा विधायक थोड़ा होश में आ पाए। विधायक के होश में आने के बाद उन्हें तत्काल ही ग्वालियर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजेपी विध्याक ने व्यस्तता के चलते रविवार सुबह से ही कुछ खाया नहीं था। वहीं मंच पर काफी देर रहने की वजह से उन्हें चक्कर आ गए। गनीमत है कि रजौधा के स्वास्थ्य में सुधार आया है। जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल जाएगी।