भाजपा कार्यकर्ता ने खून से लिखा केंद्रीय मंत्री सिंधिया को पत्र, गोहद से उम्मीदवार बदलने की मांग

बीजेपी को विधानसभा चुनाव से तीन महीने पहले अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करना भारी पड़ रहा है। सूची के जारी होने के बाद पार्टी में शुरू हुई विरोध के सुर तेज हो रहे हैं।

Updated: Aug 23, 2023, 06:52 PM IST

गोहद। विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने मध्य प्रदेश की 39 सीटों पर पहली सूची जारी कर दी है। सूची जारी होने के बाद अब अंतर्कलह रोकना बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती है। टिकट का ऐलान हुए अभी हफ्तेभर ही हुए हैं और दर्जनभर सीटों पर दावेदारों ने खुलकर बगावत शुरू कर दी है। गोहद में तो उम्मीदवार बदलने की मांग को लेकर भाजपा के एक कार्यकर्ता ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को खून से खत लिखकर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है।

भाजपा कार्यकर्ता एवं सिंधिया फैंस क्लब के जिला महासचिव जोगेंद्र भीमसेन गुर्जर ने गोहद से पूर्व विधायक रणवीर जाटव को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की है। जोगेंद्र भीमसेन गुर्जर ने पैथोलॉजी पर पहुंचकर स्वयं का खून निकलवाया और उसके बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया के नाम खून से एक पत्र लिखी है। 

उन्होंने अपने पत्र में लिखा है, 'सादर प्रणाम महाराज साहब, रणवीर जाटव को टिकट नहीं दिया है। कार्यकर्ताओं का भविष्य खतरे में है। उन्होंने पार्टी को खून पसीने से सींचा है। अन्याय नहीं न्याय चाहिए महाराज साहब। रणवीर चाहिए।' पत्र के अंत में नीचे आई लव यू महाराज लिखा गया है। लेटर सामने आने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है।

यह भी पढ़ें: सीएम शिवराज के गढ़ में दिग्विजय सिंह ने दिखाई ताकत, हजारों आदिवासियों के साथ पैदल SDM कार्यालय पहुंचे

दरअसल, 39 प्रत्याशियों की लिस्ट में एक नाम पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य का है। आर्य को भिंड जिले की गोहद विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। आर्य के नाम ने सभी को इसलिए चौंका दिया था, क्योंकि उन्हें सिंधिया समर्थक रणवीर जाटव की जगह टिकट दिया गया है। रणवीर जाटव ने 2018 विधानसभा चुनाव में गोहद से ही कांग्रेस में रहते हुए लाल सिंह आर्य को हराया था। हालांकि, वे भाजपा में आने के बाद 2020 उपचुनाव में कांग्रेस के मेवाराम जाटव से हार गए है। रणवीर को इस बार भी टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। हालांकि, भाजपा ने उन्हें झटका देते हुए अपने पुराने नेता लाल सिंह आर्य को ही कैंडिडेट घोषित किया है।

लाल सिंह आर्य को बीजेपी का टिकट मिलने पर सिंधिया समर्थकों में निराशा है। सिंधिया समर्थक लगातार रणवीर जाटव को टिकट देने की मांग कर रहे हैं। कुछ दिन पहले गोहद के रूपाबई गांव में मतदाताओं के एक बड़े वर्ग ने रणवीर जाटव को टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी को वोट न देने की कसम भी खाई थी। इसके अलावा कुशवाह समाज ने भी कसम खाई है कि लाल सिंह आर्य को टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी को वोट नहीं देंगे।