10वीं की परीक्षा में फेल हुईं विधायक राम बाई, सिर्फ एक नंबर से चूकीं

विज्ञान में राम बाई एक नंबर कम मिलने के कारण फेल हुईं, हालांकि ग्रेस मार्क्स के तौर पर 5 नंबर मिलने पर पास होने का मिलेगा सर्टिफिकेट, दमोह के पथरिया से बीएसपी विधायक हैं राम बाई

Updated: Feb 01, 2021, 04:30 AM IST

Photo Courtesy: Prabhasakshi
Photo Courtesy: Prabhasakshi

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पथरिया विधानसभा क्षेत्र से बीएसपी विधायक रामबाई एक बार फिर चर्चाओं में हैं। राज्य ओपन बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं की परीक्षा में एक विषय में फेल हो गई हैं। रामबाई विज्ञान के विषय में पास होने के लिए तय नंबर से एक नंबर कम लाई हैं। हालांकि इसके बावजूद भी उन्हें पास होने का सर्टिफिकेट मिलेगा।

बीएसपी विधायक रामबाई ने एक महीने पहले मध्य प्रदेश राज्य ओपन बोर्ड के जरिए 10th का एग्जाम दिया था। बोर्ड ने 30 जनवरी को इसका रिजल्ट जारी किया, जिसमें रामबाई सिंह परिहार को विज्ञान में क्रॉस लग गया। वहीं अन्य विषयों में वह पास हो गईं। वह अपने विधानसभा क्षेत्र के ही जेपीबी स्कूल से 10वीं की परीक्षा दी थी। 

फेल होने के बारे में पूछे जाने पर रामबाई ने कहा, 'मैने विधायकी के काम से समय निकालकर पढ़ाई की थी। उम्मीद के अनुसार परिणाम नहीं मिला तो कोई बात नहीं। मुझे अपनी बेटी से पढ़ने की प्रेरणा मिली। यह ज्यादा जरूरी था।'  रामबाई ने यह भी बताया कि उन्हें विज्ञान विषय में पासिंग मार्क्स से केवल 1 नंबर कम आया है। जबकि 5 नंबर का ग्रेस मिलता है। इसलिए उन्हें पास की मार्कशीट मिलेगी।

बेटी ने करवाई थी रमाबाई की तैयारी

आठवीं पास विधायक रामबाई ने विधायक बनने के बाद यह तय किया था कि वह आगे की पढ़ाई करेंगी। इसके लिए उनकी बेटी ने हौसला बढ़ाया और पढ़ाई शुरू करने के लिए प्रेरित किया। रामबाई ने परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान बताया था कि उनकी बेटी ही उनकी शिक्षक है। साल 2018 में बीएसपी का टिकट पाकर पहली बार विधायक बनी रामबाई सिंह परिहार अपने अलग अंदाज के लिए जानी जाती हैं। उन्हें दमोह की दबंग विधायक के रूप में जाना जाता है। रामबाई ने जब 10वीं का फॉर्म भरा था तो उनकी खूब तारीफ हुई थी।