MP में विधान परिषद का गठन करेगी कांग्रेस सरकार, पीसीसी चीफ कमलनाथ का एक और वचन
कांग्रेस ने कहा है कि विधान परिषद के माध्यम से प्रदेश के बुद्धिजीवियों, समाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों को सेवा का अवसर प्राप्त होगा।

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। चुनाव को लेकर सभी पार्टियां बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रही हैं। दो दिन पहले ही कांग्रेस ने भी अपना विस्तृत वचनपत्र जारी किया जिसमें सभी वर्गों के लिए बड़े ऐलान किए गए हैं। इसी बीच कमलनाथ ने प्रदेश के लोगों को एक और वचन दिया है। कमलनाथ ने कहा है कि कांग्रेस सरकार आते ही प्रदेश में विधानसभा परिषद का गठन किया जाएगा।
कमलनाथ के इस वचन की जानकारी मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दी है। एमपी कांग्रेस ने एक ट्वीट में लिखा, 'विधान परिषद का गठन। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही विधान परिषद के गठन का वचन दिया है। विधान परिषद के माध्यम से प्रदेश के बुद्धिजीवियों, समाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों को सेवा का अवसर प्राप्त होगा। बढ़ाइये हाथ, फिर कमलनाथ।'
विधान परिषद का गठन
— MP Congress (@INCMP) October 18, 2023
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही विधान परिषद के गठन का वचन दिया है।
विधान परिषद के माध्यम से प्रदेश के बुद्धिजीवियों, समाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों को सेवा का अवसर प्राप्त होगा।
“बढ़ाइये हाथ, फिर कमलनाथ”
बता दें कि 2018 विधानसभा चुनाव के वक्त भी कांग्रेस में विधान परिषद गठित करने का वादा किया था। कमलनाथ सरकार आने के बाद इस दिशा में जरूरी पहल की शुरुआत भी हुई थी। लेकिन अल्प समय में सरकार गिरने के कारण यह पूरा नहीं हो सका। कांग्रेस ने अब एक बार फिर विधान परिषद गठित करने का वादा किया है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस में इतना लोकतंत्र है कि हम हंसी-मजाक कर लेते हैं, CM शिवराज के बयान पर कमलनाथ का पलटवार
बता दें कि जिस प्रकार संसद के दो सदन (लोकसभा और राज्यसभा) होते हैं, उसी प्रकार संविधान के अनुच्छेद 169 के अनुसार राज्यों में विधानसभा के अतिरिक्त एक विधान परिषद भी हो सकती है। वर्तमान में भारत के 6 राज्यों (आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक) में विधान परिषद है।