कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है, भारत जोड़ो यात्रा देश की आत्मा की रक्षा का एक महान प्रयास है: कमलनाथ

कमलनाथ बोले- भारत जोड़ो यात्रा का मेरा संपूर्ण समर्थन है, व्यस्तता के कारण कन्याकुमारी में उपस्थित नहीं हो पा रहा हूं

Updated: Sep 06, 2022, 03:44 PM IST

भोपाल। कांग्रेस बुधवार से भारत जोड़ो की आगाज करने जा रही है। आजाद भारत के इतिहास में इस तरह की यह पहली यात्रा होगी जिसका लक्ष्य सामाजिक समरसता और बंधुत्व को बढ़ावा देना है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस तरह इस यात्रा के तहत कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चलेंगे। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने इस यात्रा को वर्तमान समय में देश की सबसे बड़ी आवश्यकता करार दिया है।

उन्होंने यात्रा को लेकर संदेश जारी करते हुए कहा कि, 'राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही भारत जोड़ो यात्रा वर्तमान समय में देश की सबसे बड़ी आवश्यकता है। दक्षिण में कन्याकुमारी से लेकर उत्तर में कश्मीर तक इस यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी देश को एकता और भाईचारे का संदेश देंगे। यह यात्रा देश के सामने मौजूद चुनौतियों, समाज को बांटने के षड्यंत्र और भारत की आत्मा की रक्षा का एक महान प्रयास है। इस यात्रा को मेरा संपूर्ण समर्थन और शुभकामनाएं प्रेषित हैं।' 

हालांकि, कल पीसीसी चीफ कमलनाथ कन्याकुमारी में मौजूद नहीं रहेंगे। जबकि देशभर के अधिकांश कांग्रेस नेता इस ऐतिहासिक यात्रा के आगाज का साक्षी बनेंगे। कमलनाथ ने इस संबंध में बताया कि प्रदेश में चल रहे नगर निकाय के चुनाव की अति व्यस्तता के कारण मैं स्वयं व्यक्तिगत रूप से कन्याकुमारी में उपस्थित नहीं हो पा रहा हूं। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश की ओर से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह यात्रा में उपस्थित रहेंगे। साथ ही बड़ी संख्या में मध्य प्रदेश के नेता और कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने इस संदेश के आखिर में जोर देते हुए लिखा है कि पूरी कांग्रेसी एकजुट है और कांग्रेस के नेतृत्व में पूरा देश एकजुट होकर देश, समाज और लोकतंत्र की रक्षा करेगा।