कर्नाटक के बाद कांग्रेस का मिशन मध्य प्रदेश, 12 जून को जबलपुर में चुनावी बिगुल फूंकेंगी प्रियंका गांधी

महाकौशल से कांग्रेस करेगी जीत का संकल्प.. घोषणापत्र के रिलीज़ पर जबलपुर आ रही हैं प्रियंका गांधी.. कांग्रेस को पुराना रिकॉर्ड और बेहतर करने की उम्मीद। 2018 के चुनाव में महाकौशल में कांग्रेस ने 38 में से 24 सीटें जीती थीं

Updated: May 12, 2023, 06:20 PM IST

जबलपुर। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी अब मध्य प्रदेश फतह की तैयारियों में जुट गई है। इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान की शुरुआत पार्टी की नेता प्रियंका गांधी अगले महीने जबलपुर से करेंगी। 12 जून को जबलपुर में प्रियंका गांधी की रैली और रोड शो से कांग्रेस के मिशन एमपी फतह का श्रीगणेश होगा। इसकी तैयारियां प्रदेश कांग्रेस द्वारा जोर-शोर से की जा रही है।

जबलपुर के नगर कांग्रेस अध्यक्ष और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि प्रियंका गांधी जबलपुर शहर में जनसभा को संबोधित करने के साथ ही रोड शो भी करेंगी। इस रैली में करीब दो लाख लोगों के आने का अनुमान है। प्रियंका के साथ-साथ कांग्रेस के कई बड़े राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेता भी जबलपुर आ रहे हैं। प्रियंका गांधी यहां 'संकल्प 2023’ (मैनिफेस्टो) लॉन्च करेंगी।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस की सरकार आते ही सीधी-सिंगरौली में खुलेगा मेडिकल कॉलेज, दिग्विजय सिंह का बड़ा ऐलान

प्रियंका गांधी की रैली को लेकर राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ महाकौशल क्षेत्र से नहीं मालवा और मध्य भारत से गुजरी थी, इसलिए प्रियंका गांधी ने विशेष रूप से पार्टी के अभियान की शुरुआत के लिए जबलपुर को चुना है। उन्होंने कहा कि महाकौशल क्षेत्र में इस रैली से पड़ोसी विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में कांग्रेस को काफी मदद मिलेगी। पूर्व मंत्री और जबलपुर पश्चिम से विधायक तरुण भानोत ने बताया कि आम सभा के लिए जगह का चयन एवं अन्य सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जल्दी ही इन्हें अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

बता दें कि कांग्रेस ने साल 2018 के विधानसभा चुनाव में महाकौशल में 38 में से 24 सीटें जीती थीं। जबकि तीन सीटों पर हार का अंतर 7 हजार से कम था। ऐसे में कांग्रेस महाकौशल से चुनावी शंखनाद कर इस क्षेत्र में क्लीन स्वीप करने की कोशिश में है। साथ ही पिछली बार विंध्य में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था। ऐसे में विंध्य भाजपा को कड़ी चुनौती देने के लिए कांग्रेस विशेष रणनीति तैयार कर रही है।