कांग्रेस की सरकार आते ही सीधी-सिंगरौली में खुलेगा मेडिकल कॉलेज, दिग्विजय सिंह का बड़ा ऐलान

भाजपा बजरंग बली और बजरंग दल को सामान रूप में देखती है.. ये वही बजरंग दल है, जिसका कार्यकर्ता बलिराम सिंह पाकिस्तानी एजेंसी के लिए जासूसी करता पकड़ा गया था: दिग्विजय सिंह

Updated: May 12, 2023, 06:41 PM IST

सीधी। राज्यसभा सांसद व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों की बैठक लेने सीधी पहुंचे। बैठक में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा समेत तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने यहां मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आती है तो सीधी या सिंगरौली जिले में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। 

सीधी जिले में प्रेस को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, "सीधी जिले का अपना अलग महत्व रहा है। यहां से अर्जुन सिंह जैसे व्यक्तित्व और नेतृत्व मध्य प्रदेश को मिला, जिन्होंने वंचित तबकों को अधिकार संपन्न बनाया। पूरे प्रदेश में आवासहीनों को उन्होंने आवासीय पट्टा दिया। लाखों लोगों को इसका फायदा हुआ। शहरी क्षेत्रों में आवास के लिए पट्टा देने की शुरुआत भी उन्होंने ही की थी। तेंदूपत्ता का पूरा व्यवसाय जो ठेकेदारों के हाथ में रहता था, उसमें परिवर्तन कर उन्होंने मजदूर को मालिक बनाया।"

सिंह ने आगे कहा, "अर्जुन सिंह ने जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों को अधिकार दिलाया। पहली बार मध्य प्रदेश में उन्होंने पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया। मैंने हमेशा उन्हें अपना गुरु माना है। आज मैं जो कुछ भी हूं, उनके कारण ही हूं। लेकिन शासन प्रशासन के द्वारा सीधी का महत्व आज धीरे धीरे करके समाप्त किया जा रहा है। राज्य में अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो सीधी अथवा सिंगरौली जिले में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। यहां संजय गांधी कॉलेज में लॉ की पढ़ाई बंद है, जिला अस्पताल में डॉक्टर नहीं हैं। क्योंकि सीधी सिंगरौली को सीएम नजरअंदाज कर रहे हैं।"

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "सीएम शिवराज आज गौरक्षा संकल्प सम्मेलन कर रहे हैं और 486 चलित पशु चिकित्सा इकाइयों का लोकार्पण कर रहे हैं। इसी तरह उन्होंने एंबुलेंस का एक कार्यक्रम किया था। लेकिन एंबुलेंस का उपयोग चुनाव में शराब और पैसा बांटने का काम किया जाता है। आज गौमाता सड़कों पर हैं, दुर्घटनाओं में मर रही हैं, लेकिन न उनके जान की, न चारे की व्यवस्था है। चलित इकाइयों से गौवंशों को कहां ले जाएंगे जब गौशाला ही नहीं है। प्रदेश में एक हजार से ज्यादा एंबुलेंस खरीदे गए, लाल परेड पर कार्यक्रम हुआ। लेकिन पूर्व मंत्री दीपक जोशी की पत्नी बीमार हुईं तो देवास कलेक्टर और जिला चिकित्सा अधिकारी उनकी पत्नी को एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं करा पाए, जिसकी वजह से उनकी मृत्यु हो गई।"

यह भी पढ़ें: 13 साल की संविदा नौकरी से 300 फ़ीसदी संपत्ति बनानेवाली इंजीनियर हुई बर्खास्त, लोकायुक्त के बाद आयकर विभाग करेगा जांच

बजरंग दल विवाद पर पूर्व सीएम ने कहा कि, "भाजपा के लोग बजरंग बलि और बजरंग दल को सामान रूप से देखते हैं। क्या बजरंग बलि की तुलना बजरंग दल के साथ की जा सकती है? उन्होंने बजरंग बलि का अपमान किया है। वह बजरंग दल जिसका सतना का बलिराम सिंह पाकिस्तानी एजेंसी के लिए जासूसी करता पकड़ा गया। उसके लिए पीएम मोदी को चिंता है। महंगाई, गरीबी बेरोजगारी की बात करने पर बजरंग बलि की बात करने लगते हैं।"

सिंह ने इस दौरान ऐलान किया कि कांग्रेस सरकार आते ही पंचायत प्रतिनिधियों को सारे अधिकार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश में पंचायती राज व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। पंचायती राज आज कर्मचारी राज हो गया है। सरपंचों को कोई काम कराने का अधिकार नहीं है। हमारे कार्यकाल में पंचायत प्रतिनिधियों को शिक्षक भर्ती के अधिकार थे। आज भाजपा राज में व्यापम द्वारा नियुक्ति की जा रही, जिससे स्थानीय लोगों को लाभ नहीं मिल रहा है। हम वादा करते हैं कि जिस दिन हमारी सरकार बनती है, 6 महीने के भीतर वो सारे अधिकार सरपंच, जनपद पंचायत और जिला पार्षद को वापस दिए जाएंगे।"

सिंह फिछले कई महीनों से कांग्रेस के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों का दौरा कर रहे हैं और स्थानीय कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर अमल के लिए काम कर रहे हैं। उनपर पिछले चुनावों में कांग्रेस के हारे हुए जिलों को जिताने की जिम्मेदारी है।