MP में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी कांग्रेस, ताजा सर्वे में 130 सीटें जीतने के संकेत

एबीपी सी वोटर के सर्वे के मुताबिक इस बार के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 118 से 130 सीटें मिलती नजर आ रही हैं, जबकि बीजेपी को 99 से 111 सीटें मिल सकती हैं।

Updated: Nov 05, 2023, 01:29 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का काउंडाउन शुरू हो गया है। एक तरफ बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता वापसी की तैयारियों में जोर शोर से जुटी है। चुनाव को लेकर हो रहे तमाम ओपिनियन पोल्स में भाजपा पिछड़ती नजर आ रही है। इसी बीच अब एक और ओपिनियन पोल सामने आया है जिसके मुताबिक मध्य प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।

विधानसभा चुनाव को लेकर जनता का मूड भांपने के लिए एबीपी न्यूज सी वोटर्स ने प्रदेशभर में सर्वे कराए थे। सर्वे के मुताबिक इस बार चुनाव में कांग्रेस को 118 से 130 सीटें जबकि भाजपा को 99 से 111 सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य दलों के खाते में भी 0-2 सीटें मिल सकती है। वोट शेयर की बात करें तो सर्वे के मुताबिक बीजेपी 42 फीसदी, वहीं कांग्रेस दो फीसदी की बढ़त के साथ 44 फीसदी वोट शेयर हासिल कर रही है। वहीं अन्य पार्टियों को 14 फीसदी वोट मिल रहे हैं।

यह भी पढ़ें: MP में 150 से अधिक सीटों के साथ बन रही है कांग्रेस की सरकार: राजीव शुक्ला

सर्वे रिपोर्ट में संभागीय स्तर पर भी जनता का मूड भी बताया गया है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में बीजेपी को बड़ा नुकसान हो सकता है। चंबल क्षेत्र की 34 सीटों में से सत्ताधारी बीजेपी को महज 4 से 8 सीट मिलने का अनुमान है। जबकि कांग्रेस के खाते में 26 से 30 सीटें जा सकती हैं। वहीं अन्य के खाते में 0-2 सीटें जा सकती हैं।

बघेलखंड क्षेत्र में भी इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा। बघेलखंड में भी कांग्रेस काफी आगे दिख रही है। सर्वे के मुताबिक बघेलखंड क्षेत्र में कुल 56 सीटे हैं। इनमें कांग्रेस को 32-36 सीट, बीजेपी को 19-23 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं बात करें भोपाल संभाग की तो यहां बीजेपी को बढ़त मिल सकती है। भोपाल इलाके में कुल 25 सीट हैं। सर्वे के मुताबिक, यहां बीजेपी को 18-22 सीट और कांग्रेस को सिर्फ 3-7 सीट मिल सकती हैं।

महाकौशल रीजन में कांग्रेस का बोलबाला दिखाई दे रहा है। महाकौशल इलाके की 42 सीटें हैं। इनमे कांग्रेस को सबसे ज्यादा 22-26 सीट मिल सकती हैं। जबकि बीजेपी को 16-20 सीट मिलने का अनुमान है। एमपी के मालवा रीजन में कुल 45 सीट हैं। सर्वे की मानें तो यहां बीजेपी को 26-30 सीट, कांग्रेस को 15-19 सीट और अन्य 0-1 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं निमाड़ रीजन की बात करें तो यहां कांग्रेस, बीजेपी से आगे निकल सकती है। ओपिनियन पोल के मुताबिक, निमाड़ क्षेत्र की कुल 28 सीट में से कांग्रेस को 14-18 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बीजेपी को 10-14 सीट मिल सकती हैं।

यह भी पढ़ें: कमलनाथ ने मध्य प्रदेश की महिलाओं को लिखा पत्र, कहा- 1 जनवरी से 1500 रुपए प्रतिमाह खाते में जमा होने लगेंगे

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। वहीं तीन दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। संभावित हार से घबराकर बीजेपी ने इस बार चुनाव में दिग्गजों की फौज उतार दी है। राज्य में तीन केंद्रीय मंत्री समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। बावजूद सत्ताधारी दल की स्थिति ठीक नहीं है। उधर, कांग्रेस पार्टी 150 सीटें जीतने का दावा कर रही है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी द्वारा अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे कराए गए हैं। इसमें यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 150 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि प्रदेश में कांग्रेस 150 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है।