21वीं पुण्यतिथि पर भोपाल की माटी के सपूत डॉक्टर शंकर दयाल शर्मा को श्रद्धांजलि
पूर्व राष्ट्रपति डॉ शंकरदयाल शर्मा की 21वीं पुण्यतिथि पर देश कर रहा याद, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पीसीसी चीफ कमलनाथ, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, समाज के लिये किए उनके योगदान को किया याद

भोपाल। देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर शंकरदयाल शर्मा की 21वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया जा रहा है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने डाक्टर शंकर दयाल शर्मा को प्रदेश के गौरव बताया है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि भोपाल की माटी के सपूत डॉक्टर शंकर दयाल शर्मा का देश, प्रदेश और समाज के लिये किया गया योगदान हमेशा यादगार रहेगा।
प्रदेश के गौरव, देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।
— Office Of Kamal Nath (@OfficeOfKNath) December 26, 2020
भोपाल की माटी के सपूत डॉ. शर्मा का देश, प्रदेश व समाज के लिये दिया गया योगदान सदैव अविस्मरणीय है। pic.twitter.com/7ke5CJxrKX
वहीं उनकी पुण्यतिथि के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, भोपाल कांग्रेस जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, गोविंद गोयल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद थे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा को याद किया। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट संदेश में उन्हें जनसेवक और राष्ट्र उत्थान के लिए कार्य करने वाली हस्ती कहा है।
सहिष्णुता व समझदारी संसदीय लोकतंत्र के लिए उतने ही आवश्यक हैं, जितने संतुलन और मर्यादित चेतना-डॉ.शंकरदयाल
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) December 26, 2020
भारत के पूर्व राष्ट्रपति, आदरणीय डॉ. शंकरदयाल शर्मा जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि!
उनका त्यागमय जीवन हम सबको जनसेवा व राष्ट्र उत्थान हेतु सदैव प्रेरित करता रहेगा। pic.twitter.com/qCApk2E6ey
उन्होंने लिखा है कि ‘सहिष्णुता व समझदारी संसदीय लोकतंत्र के लिए उतने ही आवश्यक हैं, जितने संतुलन और मर्यादित चेतना-डॉ.शंकरदयाल। भारत के पूर्व राष्ट्रपति, आदरणीय डॉ. शंकरदयाल शर्मा जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि! साथ ही मुख्यमंत्री ने डाक्टर शर्मा के त्यागमय जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही है।
डॉ. शंकर दयाल शर्मा भारत के नौवें राष्ट्रपति थे। उनका जन्म 19 अगस्त, 1918 को भोपाल में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। वे देश के आठवें उपराष्ट्रपति भी रह चुके हैं। देश के स्वतंत्रता के बाद वे सन 1952 में भोपाल के मुख्यमंत्री बनाए गए थे। वे केंद्र में इंदिरा गांधी की कैबिनेट में 1974 से 1977 तक संचार मंत्री रहे। दो बार भोपाल लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। उन्होंने सन 1985 से 1986 तक पंजाब के राज्यपाल का पद भी सम्हाला। वे महाराष्ट्र के गवर्नर भी रह चुके हैं।
डॉ. शंकर दयाल शर्मा की शिक्षा-दीक्षा मध्यप्रदेश समेत पंजाब यूनिवर्सिटी, आगरा कॉलेज, लखनऊ यूनिवर्सिटी में हुई। उन्होंने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी की थी। उन्होंने राजनीति में आने से पहले लखनऊ विश्वविद्यालय और कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में शिक्षण का कार्य भी किया था। 26 दिसंबर 1999 को उनका निधन हुआ था।