रिश्वत ना देने पर कन्यादान योजना से किया अपात्र, 80 जोड़ों के साथ धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत आयोजित विवाह समारोह में हंगामा, कांग्रेस विधायक हर्ष यादव के साथ दूल्हा-दुल्हन धरने पर बैठे

Updated: May 23, 2023, 08:45 AM IST

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के केसली में सोमवार को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना तहत आयोजित विवाह समारोह में जमकर हंगामा देखने को मिला। यहां कांग्रेस विधायक हर्ष यादव के साथ 80 जोड़े (दूल्हा-दुल्हन) धरने पर बैठ गए। आरोप लगाया कि रिश्वत नहीं देने के कारण उन्हें कन्यादान योजना से अपात्र कर दिया गया।

दरअसल, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत विवाह कराने पहुंचे 80 जोड़ों का विवाह रजिस्ट्रेशन अचानक रद्द कर दिया गया था। दूल्हा-दुल्हनों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ लेने के लिए बाबू को 1000 रिश्वत ना देने पर उनका विवाह अचानक रिजेक्ट कर दिया गया। इसकी सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक हर्ष यादव वहां पहुंच गए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हंगामा कर दिया। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनपद पंचायत पूजा जैन और बड़े बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस विधायक हर्ष यादव ने कहा कि हम गरीब लोगों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। जनपद पंचायत केसली का भगवाकरण किया जा रहा है। महिलाओं का अपमान किया जा रहा है। जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष महिला होने के बावजूद भी उनका नाम आमंत्रण कार्ड और पोस्टरों में नहीं छपा है। यह सरासर उनका अपमान है।