भिंड में मूसलाधार बारिश से गिरा कच्चा मकान, एक लड़की की मौत, शिवपुरी में बाढ़ में फंसे लोगों को किया एयरलिफ्ट

प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, रीवा, भिंड, श्योपुर में बाढ़ के हालात, शिवपुरी के 4 गांवों में बाढ़ में फंसे लोगों का रेस्क्यू करने में जुटी SDRF की टीम

Updated: Aug 02, 2021, 12:33 PM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

भोपाल। मध्यप्रदेश में भारी वर्षा का दौर जारी है। सोमवार को भिंड के दबोह क्षेत्र में भारी बारिश के कारण एक मकान ढह गया। मकान ढहने से इसमें 6 लोग दब गए हैं। 5 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि उसमें दबकर एक लड़की की मौत हो गई।

वहीं शिवपुरी के बैराड़ नगर परिषद से लगे सिलपरी, हर्रई, बारखेड़ा समेत 4 गांव में बाढ़ की वजह से वहां 50 से ज्यादा परिवार बाढ़ में फंस गए। जिन्हें बाढ़ से निकालने के लिए नाव और हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है। ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने में SDRF की टीम जुटी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। प्रदेश में मौजूद  संसाधनों के साथ केंद्र से भी मदद ली जा रही है। गांवों में बाढ़ में फंसे लोगों से अपील की जा रही है कि वे ऊंचे स्थान पर रहें, जल्द ही उन्हें निकाल लिया जाएगा।

वहीं श्योपुर जिले में भारी वर्षा से बाढ़ के हालत बने हुए हैं। यहां की पार्वती और कूनो नदी में बाढ की वजह से एक शादी गार्डन में 50 से ज्यादा लोग फंस गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सका। बीते 24 घंटों में प्रदेश के रीवा, सतना, शहडोल, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, दतिया, उमरिया, सागर, जबलपुर, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग में जमकर बारिश हुई है। जिससे जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कई जिलों का संपर्क पड़ोसी जिलों औऱ राज्यों से टूट गया है, लोगों से अपील की जा रही है कि अगर पुल या रपटे पर पानी हो तो उसे पार करने की गलती ना करें।

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में ग्वालियर-चंबल संभाग के कुछ जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है।  ग्वालियर चंबल संभाग के जिलों में अति भारी से अत्याधिक बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 115 मिमी से 205 मिमी तक बारिश की आशंका है। वहीं उज्जैन, भोपाल संभाग के जिलों, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी होशंगाबाद में वर्षा के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां कहीं-कहीं गरज चमक के साथ भारी से अति भारी बारिश होने के आसार हैं।

और पढ़ें: रीवा में आफत बनी बारिश, कच्चा मकान ढहने से 4 लोगों की मौत, 1 व्यक्ति की हालत गंभीर

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। प्रदेश में 1 जून से 2 अगस्त तक अब तक सामान्य से 9 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हो चुकी है। यहां 496.6 मिमी पानी गिर चुका है। प्रदेश के 7 जिलों को छोड़ दें तो अन्य सभी जिलों ने सामान्य बारिश का आंकड़ा पार कर लिया है। धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, पन्ना, दमोह और बालाघाट में सामान्य से कम बारिश हुई है।

और पढ़ें: प्रदेश में जारी है झमाझम बारिश का दौर, नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने से अलर्ट पर प्रशासन

मौसम विभाग को उम्मीद है कि जल्द ही ये जिले भी सामान्य का आंकड़ा हासिल कर लेंगे। वहीं प्रदेश के चार जिले ऐसे हैं जहां सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है। सिंगरौली में 89 मिमी, श्योपुर 85 मिमी, भिंड़ 70 मिमी, गुना 62 मिमी पानी बरस चुका है।