Loksabha Elections: AAP-कांग्रेस के बीच डील फाइनल, दिल्ली की 3 सीटों पर कांग्रेस, 4 सीटों पर लड़ेगी AAP

गुजरात की 26, हरियाणा की 10, गोवा की 2 और चंडीगढ़ सीट के लिए भी शेयरिंग फॉर्मूला फाइनल हो गया है। पंजाब की सभी 13 सीटों पर कांग्रेस-AAP अलग-अलग चुनाव लड़ेगी।

Updated: Feb 24, 2024, 01:18 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा फाइनल हो गया है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी 4 और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा गुजरात की 26, हरियाणा की 10, गोवा की 2 और चंडीगढ़ सीट के लिए भी सीटों का बंटवारा हो गया है।

दिल्ली में दोनों पार्टियों ने मिलकर एक प्रेस वार्ता की और सीटों के बंटवारे की जानकारी साझा की। आम आदमी पार्टी से आतिशी, संदीप पाठक और सौरभ भारद्वाज ने जबकि कांग्रेस से मुकुल वासनिक, दीपक बाबरिया और अरविंदर सिंह लवली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने बताया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी चार सीटों, नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली पर चुनाव लड़ेगी। जबकि कांग्रेस तीन सीटों, चांदनी चौक, उत्तर पूर्व और उत्तर पश्चिम पर अपना उम्मीदवार मैदान में उतारेगी।

चंडीगढ़ लोकसभा सीट और गोवा की दो सीटों पर भी कांग्रेस अपने उम्मीदवार खड़ा करेगी। हरियाणा में कांग्रेस 9 सीटों पर और आम आदमी पार्टी एक सीट, कुरुक्षेत्र पर चुनावी ताल ठोकेगी। वहीं, गुजरात में आम आदमी पार्टी दो सीटों, भरूच और भावनगर पर और कांग्रेस बाकी 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, 'AAP शुरू से ही INDIA गठबंधन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहा है। हम INDIA गठबंधन की सफलता के लिए काम करते आए हैं। कांग्रेस से बातचीत में और सीट बंटवारे में समय लगा लेकिन AAP शुरू से ही यह स्पष्ट करती आई है कि हम INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं और हम साथ में चुनाव लड़ेंगे।'

वहीं, AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'हमारी कई राज्यों में कांग्रेस के साथ गठबंधन की आज घोषणा हुई है। दिल्ली में AAP 4 सीटों पर लड़ेगी और कांग्रेस 3 सीटों पर लड़ेगी। हरियाणा में AAP एक सीट पर लड़ेगी, बाकि सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। गुजरात में AAP 2 सीटों पर लड़ेगी और बाकि सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। चंडीगढ़ और गोवा की सभी सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। पंजाब में कांग्रेस और AAP स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगी।'