अनमोल हैं पेड़ इन्हें काटने से बचाइए, दो पेड़ों को काटने पर लगा 1.21 करोड़ का जुर्माना

औसतन एक पेड़ की उम्र 50 साल मानी जाए तो वह अपने जीवन में 52 लाख से ज्यादा की सुविधाएं इंसानों को देता है, जिसमें बेशकीमती ऑक्सीजन, लकड़ी, प्रदूषण नियंत्रण समेत कई काम शामिल हैं,

Updated: Apr 28, 2021, 10:33 AM IST

Photo courtesy: aaj tak
Photo courtesy: aaj tak

रायसेन। बम्होरी में दो सागौन के पेड़ काटने पर एक शख्स पर 1.21 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है। इतना जुर्माना लगाने के पीछे जो तर्क दिया गया है, उसे जानने के बाद आपको समझ आएगा कि एक पेड़ कितने काम का होता है। डायरेक्टर जनरल इंडियन काउंसिल ऑफ फॉरेस्ट ट्री रिसर्च एंड एजुकेशन का कहना है कि अगर किसी  पेड़ की उम्र करीब 50 साल भी हो तो वह अपने जीवन काल में करीब 52 लाख 400 रुपए से ज्यादा के संसाधन और सेवा इंसान को देता है। जिनमें से 11 लाख 97 हजार 500 रुपए की ऑक्सीजन पेड़ों द्वारा छोड़ी जाती है।

यह वही जीवन दायिनी ऑक्सीजन है, जिसके लिए इनदिनों देशभर में मारामारी चल रही है। वहीं अपने जीवन काल में वह पर्यावरण संतुलन का काम करता है, एक पेड़ करीब 23 लाख 68 हजार 400 रुपए का वायु प्रदूषण कंट्रोल करता है। वहीं 19 लाख 97 हजार 500 रुपए का भूक्षरण नियंत्रण और धरती की उर्वरक क्षमता बढ़ाने सहयोग करता है। वहीं पेड़ों की जड़ें वर्षा का जल रोकने, मिट्टी के कटाव रोकने, पानी की रिसाइकिलिंग समेत अन्य कार्यों में 4 लाख 37 हजार रुपए की मदद करता है। इन सभी को जोड़ा जाए तो एक पेड़ साल भर में इंसान को 50 साल में 52 लाख 400 रु. से ज्यादा के संसाधन और सुविधाएं मुहैया करवाता है।

ऐसे में रायसेन निवासी छोटे लाल को सागौन के दो पेड़ों को काटने पर 1 करोड़ 21 लाख 7 हजार 700 रुपए की पैनाल्टी लगाई गई है। अब इस मामले में कोर्ट में सुनवाई होनी है। जिसके लिए 26 अप्रैल 2021 को ही चालान पेश कर दिया गया है। वहीं पेड़ काटने से होने वाले नुकसान के हिसाब से सख्त से सख्त सजा की मांग की गई है। फिलहाल पेड़ काटने का आऱोपी छोटे लाल फरार चल रहा है।