बीजेपी सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन

बीजेपी नेता 11 जनवरी को कोरोना पॉज़िटिव पाए गए थे, भोपाल में इलाज के बाद उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था

Updated: Mar 02, 2021, 04:51 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

भोपाल/नई दिल्ली। खंडवा से बीजेपी सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन हो गया है। नन्द कुमार सिंह ने मंगलवार की सुबह दिल्ली के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। चौहान पिछले एक महीने से अस्वस्थ चल रहे थे। नंदकुमार सिंह चौहान 11 जनवरी को कोरोना पॉज़िटिव पाए गए थे।

कोरोना पॉज़िटिव पाए जाने के बाद पहले उन्हें भोपाल के अस्पताल में भर्ती किया गया था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया। लेकिन वहां भी उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं आया। मेदांता में नंदकुमार सिंह चौहान को वेंटिलेटर पर रखा गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीजेपी नेरा के पार्थिव शव को आज ही खंडवा लाया जाएगा। वहां से चौहान के शव को बुरहानपुर ले जाया जाएगा। जिसके बाद चौहान के गृह नगर शाहपुर में उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। 

बीजेपी नेता के निधन पर भारतीय जनता पार्टी में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपने मार्मिक ट्वीट में लिखा है कि, 'लोकप्रिय जननेता नंदू भैया हम सबको छोड़कर चले गए, हमारे सभी प्रयास विफल हो गए।' शिवराज ने कहा, 'लोकप्रिय जननेता नंदू भैया, हम सबको छोड़कर चले गये। हमारे सब प्रयास विफल हुए। नंदू भैया के रूप में बीजेपी ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया। मैं व्यथित हूं। नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।' 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नंदकुमार सिंह चौहान के देहावसान पर शोक प्रकट किया है। मोदी ने कहा है कि नंदकुमार जी संसदीय गतिविधियों को साथ साथ बीजेपी को मजबूती देने वाले नेता के तौर पर याद किए जाएंगे। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा, 'खंडवा के सांसद श्री नंदकुमार चौहान के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ।परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ।ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।'