Lalji Tondon : महामहिम की हालत गंभीर मगर नियंत्रण में 

मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन को 11 जून को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया

Publish: Jun 16, 2020, 09:01 PM IST

Courtesy: Webdunia
Courtesy: Webdunia


मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। राज्यपाल लालजी टंडन को फेफड़े, किडनी और लिवर में शिकायत के चलते इलेक्टिव वेंटिलेटरी सपोर्ट पर रखा गया है। सोमवार देर शाम को जारी किए गए लालजी टंडन की हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक मध्य प्रदेश के राज्यपाल की हालत गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।
 
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन को 11 जून की सुबह सांस की दिक्कत, पेशाब की परेशानी और बुखार के चलते लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राज्यपाल टंडन के स्वास्थ्य का जायज़ा लेने के लिए उनको डॉक्टरों की एक विशेष टीम की निगरानी में रखा गया है। ज्ञात हो कि राज्यपाल टंडन की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। मेदांता अस्पताल में उनका सीटी गाइडेड प्रोसिजर किया गया। प्रोसिजर के उपरांत उनके पेट में रक्त का स्राव बढ़ गया। जिसके बाद उन्हें डॉक्टरों की एक स्पेशल टीम की निगरानी में आइसीयू में रखा गया था। फिलहाल राज्यपाल टंडन को वेंटिलेटर पर रखा गया है। राज्यपाल के सभी शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

मिलने पहुंचे योगी तो वहीं अखिलेश ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्यपाल लालजी टंडन का हाल चाल जानने लखनऊ के मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी राज्यपाल लालजी टंडन के स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया है कि ' प्रदेश के वरिष्ठ राजनेता एवं मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री लाल जी टंडन जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।' गौरतलब है कि लालजी टंडन लखनऊ से सांसद और भाजपा सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं। सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।