NCB ने 2 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को किया गिरफ्तार, आरोपियों ने भूसे में छिपा रखा था 1376 किलो गांजा

इंदौर नारकोटिक्स विभाग और उज्जैन पुलिस ने 1 करोड़ 65 लाख का गांजा किया जब्त, गांजे के साथ दो आरोपियों को भी पकड़ा, ट्रक में चोरी-छिपे आंध्र प्रदेश से उज्जैन लाया जा रहा था नशे का सामान

Updated: Aug 16, 2021, 11:33 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

उज्जैन। नारकोटिक्स कंट्रोल विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। NCB की इंदौर ब्रांच और उज्जैन पुलिस ने मुकबिर की सूचना पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। यह अतंरराज्यीय तस्कर गांजे की खेप आंध्र प्रदेश से उज्जैन ला रहे थे। आरोपियों ने शातिर तरीके से गांजे को धान के भूसे के बीच छिपाकर रखा था। पुलिस ने तस्करों के पास से 1376 किलो गांजा जब्त किया है। इंटरनेशनल मार्केट में इस गांजे की कीमत 1 करोड़ 65 लाख रुपए आंकी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया है, आरोपियों पर मामला दर्ज कर पूछताछ जारी है।

 पुलिस को खबर सूचना मिली थी एक ट्रक आंध्रप्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए उज्जैन भेजा गया है। जिसमें तस्करी का गांजा है। जिसके बाद पुलिस और NCB ने तराना के पास संदिग्ध ट्रकों की तलाशी लेना शुरु किया। इस दौरान RJ-17-GA -6181 को रुकवाकर तलाशी ली। धान के भूसे के बीच गांजे के छोटे-छोटे पैकेट बनाकर छिपाए गए थे।

इस मामले में पुलिस ने उज्जैन निवासी शेरू खां और मेहबूब अली को हिरासत में लिया है। NCB का कहना है कि यह इंदौर संभाग में इस साल की 8वीं बड़ी कार्रवाई है। दरअसल छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में बड़ी मात्रा में तस्करी का गांजा आंध्र प्रदेश और ओडिशा बार्डर से कई राज्यों में सप्लाय़ किया जाता है। इनमें मप्र, राजस्थान, दिल्ली, मुंबई, पश्चिम बंगाल जैसे राज्य शामिल हैं।